मंदिर के गेट पर मिला मूर्गे के पंखों से भरा पॉलिथीन, बवाल होने से पहले पुलिस ने लिया एक्शन, सच सामने आते ही लोगों को विश्वास करना हो गया मुश्किल

खड़गपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब हटिया स्थित एक मंदिर के गेट पर मांस का अवशेष (मुर्गे के पंख से भरी पॉलिथीन) टंगा पाया गया。 इस घटना के बाद इलाके में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया और भारी भीड़ जमा हो गई

Munger - बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब हटिया स्थित एक मंदिर के गेट पर मांस का अवशेष (मुर्गे के पंख से भरी पॉलिथीन) टंगा पाया गया। इस घटना के बाद इलाके में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया और भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और CCTV फुटेज की जांच ने साफ कर दिया कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत नहीं, बल्कि पक्षियों द्वारा की गई एक प्राकृतिक घटना थी।

अफवाहों के बाद पुलिस की मुस्तैदी


सूचना मिलते ही एसडीपीओ (SDPO) हवेली खड़गपुर अनिल कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और क्यूआरटी (QRT) मौके पर पहुँची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तत्काल मामले की जांच शुरू की। मंदिर परिसर के आसपास लगे प्रतिष्ठानों और मंदिर के CCTV कैमरों को खंगाला गया, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ गई।

CCTV फुटेज में कैद हुई सच्चाई

S.D.P.O. अनिल कुमार ने बताया कि CCTV फुटेज के अवलोकन से स्पष्ट हुआ कि मंदिर के गेट के पास पक्षियों का एक झुंड मंडरा रहा था। उन्हीं में से एक पक्षी ने अपने साथ लाए गए मांस के अवशेष को मंदिर के गेट पर गिरा दिया था। किसी भी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस ने यह फुटेज मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी दिखाया, जिसके बाद सभी ने संतोष व्यक्त किया।

पुलिस की सख्त चेतावनी और अपील

मामले का खुलासा होने के बाद मंदिर की साफ-सफाई कराई गई और विधिवत पूजा-पाठ संपन्न हुआ। एसडीपीओ ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Report - md. imtiyaz khan