Munger student missing: मुंगेर में इंटर का छात्र तीन दिनों से लापता, SIT कर रही जांच, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Munger student missing: मुंगेर के शास्त्री नगर से इंटर का परीक्षार्थी अंकेश यादव तीन दिनों से लापता है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने SIT बनाई है।

तीन दिनों से लापता छात्र की तलाश!- फोटो : news4nation

Munger student missing:  बिहार के मुंगेर जिले के शास्त्री नगर इलाके से इंटरमीडिएट का एक परीक्षार्थी पिछले तीन दिनों से लापता है। लापता छात्र की पहचान अंकेश यादव के रूप में हुई है, जो टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के रुपौहुआ गांव का रहने वाला है। अंकेश अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा है और इंटर की परीक्षा देने मुंगेर आया था।

परिजनों के अनुसार, अंकेश 1 फरवरी को मुंगेर पहुंचा था और कासिम बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर इलाके में धर्मवीर पासवान के मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। 2 फरवरी को उसने मॉडल इंटर महाविद्यालय से जीवविज्ञान की परीक्षा दी। परीक्षा देने के बाद वह अपने कमरे पर लौटा, खाना खाया और अपने पिता राधेश्याम यादव से फोन पर बात की। इसके बाद उसने अपने फुफेरे भाई से ऑडियो और वीडियो कॉल पर बातचीत की।

 2 फरवरी को कमरे से बाहर निकला

परिवार का कहना है कि 2 फरवरी को दिन के करीब डेढ़ बजे अंकेश अपने कमरे से बाहर निकला और इसके बाद वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने दोबारा उसके मोबाइल पर फोन किया तो फोन बंद मिला। इस पर परिजनों ने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक धर्मवीर पासवान जब छात्र के कमरे पर पहुंचे तो वहां अंकेश का मोबाइल फोन और कपड़ों का बैग कमरे में ही रखा हुआ मिला, लेकिन अंकेश का कोई पता नहीं था। यह जानकारी उन्होंने तुरंत अंकेश के पिता को दी। इसके बाद पिता राधेश्याम यादव मुंगेर पहुंचे और आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन अंकेश का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।

पुलिस हरकत में आई 

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। अंकेश के पिता ने उसके एक दोस्त पर अपहरण का आरोप भी लगाया है। वहीं, मुंगेर के एसपी सैय्यद इमरान मसूद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT टीम का गठन किया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। परिजन अब भी अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं।

 Md Imtiyaz Khan- Munger