Munger Deepotsav: मुंगेर के कल्याणपुर में जले 11 लाख 11 हजार 111 दीप, CM सम्राट चौधरी ने किया दीपोत्सव का शुभारंभ

Munger Deepotsav: मुंगेर के कल्याणपुर में दीपावली पर 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाए गए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपोत्सव का शुभारंभ किया। गंगा तट पर भव्य आतिशबाजी भी हुई।

Munger Deepotsav: बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में इस बार दीपावली पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मां बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहला दीप जलाकर की। इसके बाद 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए। देखते ही देखते पूरा कल्याणपुर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।


गंगा किनारे दीपों से जगमगाया मां बड़ी दुर्गा का दरबार


गंगा तट पर स्थित मां बड़ी दुर्गा महारानी का पूरा प्रांगण दीपों की रोशनी से चमक उठा। चारों ओर दीपों की कतारें लगाई गई थीं। वहीं, गंगा नदी को भी रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। पानी में दीपों और रोशनी का प्रतिबिंब लोगों को आकर्षित कर रहा था।


गंगा के बीच टापू से हुई आतिशबाजी


इस दीपोत्सव का एक बड़ा आकर्षण गंगा के बीच बने टापू से की गई आतिशबाजी रही। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी फैलते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग उत्साहित हो उठे। इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने के लिए लोगों में होड़ लगी रही।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी हुए शामिल


इस आयोजन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ कई बड़ी हस्तियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे ने इसे मुंगेर की धार्मिक आस्था, सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विशेष आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ मुंगेर के बेटे भी हैं। आयोजकों ने आने वाले वर्षों में इससे भी बड़ा दीपोत्सव करने की इच्छा जताई।


आस्था और परंपरा का खास उत्सव बना दीपोत्सव


कल्याणपुर में आयोजित यह दीपोत्सव केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं रहा। 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी, गंगा की सजावट और भव्य आतिशबाजी ने इसे खास बना दिया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने दीपावली के उत्सव को और यादगार बना दिया।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट