Munger deepotsav: मुंगेर के कल्याणपुर में एक साथ जलेंगे 11.11 लाख दीप, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन

Munger deepotsav: मुंगेर के कल्याणपुर में 7 नवंबर को 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 3:40 बजे दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

Munger deepotsav: मुंगेर जिले का कल्याणपुर 7 नवंबर को भव्य दीपोत्सव का गवाह बनने जा रहा है। मां बड़ी दुर्गा महारानी के प्रति आस्था और भक्ति के बीच यहां लाखों दीप जलाने की तैयारी की जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार, इस मौके पर एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।


अयोध्या के बाद देश का दूसरा बड़ा दीपोत्सव होने का दावा


आयोजन समिति का दावा है कि अयोध्या के बाद यह देश का दूसरा और बिहार का सबसे बड़ा दीपोत्सव होगा। इस दौरान मां बड़ी दुर्गा महारानी का दीपों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। आयोजन स्थल पर दीप जलाने और कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारियां चल रही हैं।


7 नवंबर को कल्याणपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री


कार्यक्रम के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार, 7 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर कल्याणपुर पहुंचेंगे। वह दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका कल्याणपुर का यह दौरा स्थानीय लोगों के लिए खास माना जा रहा है। उनके स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं।


सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारी में जुटा प्रशासन


मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सदर एसडीओ कुमार अभिषेक सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।


दीपोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह


आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, कल्याणपुर में इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन पूरे मुंगेर जिले के लिए खास अवसर है। मुख्यमंत्री के स्वागत से लेकर दीप प्रज्वलन तक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब लोगों को 7 नवंबर की शाम का इंतजार है, जब आयोजन समिति के लक्ष्य के अनुसार 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाए जाएंगे। मां बड़ी दुर्गा महारानी की आराधना और दीपों की रोशनी के बीच कल्याणपुर में भव्य आयोजन की तैयारी है।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट