मुंगेर शराब कांड: थानाध्यक्ष समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित, अब तक 9 पर गाज

मुंगेर शराब कांड में SP सैयद इमरान मसूद की बड़ी कार्रवाई,डीएसपी मुख्यालय की जांच रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित।इस मामले में अब तक कुल 9 पुलिसकर्मियों पर गिर चुकी है गाज।

मुंगेर में शराब मामले को लेकर SP की बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड- फोटो : Reporter

मुंगेर जिले में शराब से जुड़े एक मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सैयद इमरान मसूद ने विभाग में अनुशासन और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


जांच रिपोर्ट में खुली विभागीय लापरवाही और संलिप्तता

यह निलंबन डीएसपी मुख्यालय द्वारा सौंपी गई विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। जांच टीम ने मुफस्सिल थाने में पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज (CCTV footage) की गहनता से पड़ताल की, थाने में रखे अभिलेखों (Records) को खंगाला और छापेमारी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच में पाया गया कि शराब मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करते समय तथ्यों में जानबूझकर गड़बड़ी की गई थी।


थानाध्यक्ष समेत 7 पुलिसकर्मी हुए निलंबित

जांच के दौरान मुफस्सिल थाने के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य सामने आए। इसके बाद एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा के अलावा छह अन्य कर्मियों—सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के सिपाही प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव और चौकीदार कृष्णदेव पासवान को निलंबित कर दिया गया।


एक ही मामले में अब तक 9 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

इस कार्रवाई से पहले भी इसी मामले में 26 सितंबर को दो पुलिस अवर निरीक्षकों (पुअनि) राजेश कुमार शर्मा और नुरैन अंसारी को निलंबित किया जा चुका था। सर्किल इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट में दोनों को दोषी पाया गया था। इस प्रकार, मुफस्सिल थाने से जुड़ी इस शराब कार्रवाई में लापरवाही और संलिप्तता के आरोप में अब तक कुल 9 पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है।


कानून पालन पर एसपी का कड़ा संदेश

मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण बिहार में शराबबंदी कानून लागू है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों की इस प्रकार की संलिप्तता से पूरे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है, इसलिए दोषियों के खिलाफ यह कठोर कदम उठाया गया है।

मुंगेर से इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट