इस जिले में हथियार तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़: 3 शातिर तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में पिस्टल और कारतूस बरामद

मुंगेर की मुफस्सिल थाना पुलिस ने हथियार तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एसपी सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 3 तस्करों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

Munger -: हथियारों के निर्माण और तस्करी के लिए कुख्यात रहे मुंगेर में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने एक संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन कुख्यात हथियार तस्करों को दबोचा है। इनके पास से पुलिस ने आधुनिक पिस्टल, देशी कट्टा और भारी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधी पहले भी जेल जा चुके हैं और इलाके में हथियारों की बड़ी खेप सप्लाई करने की फिराक में थे।

गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिव गुरुधाम मय मार्ग पर हथियार तस्करों के बीच एक बड़ी डील होने वाली है। सूचना के आधार पर मुंगेर पुलिस ने मय मैदान इलाके में जाल बिछाया। गुरुवार की देर शाम जैसे ही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचे, पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

तलाशी में मिले घातक हथियार और कारतूस

पकड़े गए तस्करों की पहचान मो० तौफीक और मो० सहनसा अली के रूप में हुई है। जब पुलिस ने इनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 2 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 2 मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग की मुख्य कड़ी माने जाने वाले तीसरे आरोपी मो० अली को भी छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।

आपराधिक इतिहास और नेटवर्क का खुलासा

एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधी पुराने और शातिर तस्कर हैं, जो पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। पूछताछ के दौरान इस गैंग से जुड़े चार और अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। यह गिरोह स्थानीय अपराधियों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराता था, जिसका उपयोग लूट, रंगदारी और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने में किया जाता था।

नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए छापेमारी जारी

मुंगेर पुलिस अब इस गैंग के बाकी सदस्यों और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। एसपी ने कहा कि इन अपराधियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और फरार चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह एक बड़े संगठित सिंडिकेट का हिस्सा है जिसकी जड़ें मुंगेर के बाहर भी फैली हो सकती हैं।

रिपोर्ट - मो. इम्तियाज