Munger Naxal News: मुंगेर पुलिस और STF का संयुक्त ऑपरेशन, जंगल से केन कंटेनर व नक्सली साहित्य जब्त
बिहार STF और मुंगेर पुलिस के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में लड़ैयाटांड़ के भैंसादह जंगलों से नक्सलियों का छिपाया गया सामान बरामद किया गया है। मौके से केन कंटेनर, नक्सली वर्दी, वायर और साहित्य जब्त किए गए हैं।
मुंगेर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बिहार एसटीएफ और मुंगेर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के घने भैंसादह जंगल और पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों की गतिविधि या उनका सामान छिपा हो सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ ने इलाके की घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया।
भारी मात्रा में केन कंटेनर, वर्दी और इलेक्ट्रिक क्लिप बरामद
जंगलों में चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए कई संदिग्ध सामान बरामद किए। पुलिस ने मौके से 10 किलोग्राम का एक खाली केन कंटेनर, पानी से भरे 6 केन कंटेनर, नक्सली वर्दी के दो सेट, एक पिट्ठू बैग, दो इलेक्ट्रिक क्लिप, बिजली के तार, नक्सली साहित्य और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
लड़ैयाटांड़ थाने में केस दर्ज, नक्सलियों के मंसूबों पर फिरा पानी
बरामद सामानों के आधार पर लड़ैयाटांड़ थाना में अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आशंका जताई जा रही है कि नक्सली जंगल में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने या अस्थायी ठिकाना बनाने की फिराक में थे। हालांकि, समय रहते सुरक्षा बलों की इस त्वरित कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया है।
नक्सलियों के खिलाफ जारी रहेगा सर्च ऑपरेशन: पुलिस
मामले में मुंगेर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जिले में नक्सलियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी और इस अभियान में शामिल नक्सलियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मुंगेर से मो. इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट