munger accident: मुंगेर में दर्दनाक हादसा, सफियाबाद हवाई अड्डे के रनवे पर स्कूटी की टक्कर से महिला की मौत

munger accident: मुंगेर के सफियाबाद हवाई अड्डे के रनवे पर स्कूटी की टक्कर से आशरा देवी की मौत हो गई। स्कूटी पर सवार चार नाबालिगों में से दो घायल हुए हैं।

munger accident: मुंगेर कासिम बाजार थाना क्षेत्र के सफियाबाद हवाई अड्डे के रनवे पर तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार चार नाबालिगों में से दो घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मृत महिला की पहचान बेगमपुर विदवारा निवासी आशरा देवी के रूप में हुई है।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


जानकारी के अनुसार, स्कूटी अनियंत्रित होकर आशरा देवी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दोनों नाबालिगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।


पिता की स्कूटी लेकर निकला था नाबालिग


परिजनों के अनुसार, एक नाबालिग की मां की तबीयत खराब है और उनका इलाज भागलपुर में चल रहा है। बुधवार सुबह उसके पिता राजीव रंजन पत्नी को देखने भागलपुर गए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद नाबालिग ने पिता की स्कूटी निकाल ली और अपने चार साथियों के साथ सफियाबाद हवाई अड्डे की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि सभी स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित हो गई और रोज की तरह शाम को टहलने निकली आशरा देवी को टक्कर मार दी।


पति की मौत के बाद मेहनत से चला रही थीं परिवार


आशरा देवी के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह दूसरों के घरों में खाना बनाने और बर्तन साफ करने का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट