Bihar News : मुंगेर में मुफस्सिल थाना परिसर से जब्त ट्रक हुआ गायब, एसपी ने मुंशी समेत दो पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, थानाध्यक्ष पर गिरी गाज
Bihar News : मुंगेर के मुफस्सिल थाना परिसर से जब्त गिट्टी लदा ट्रक गायब होने के मामले में जांच के बाद एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को लेकर एसपी ने मुंशी समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है...पढ़िए आगे
MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना परिसर से जब्त गिट्टी लदा एक ट्रक रहस्यमय तरीके से गायब होने के मामले में पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद ने जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना मुंशी अरविंद कुमार और ओडी (OD) ड्यूटी पर तैनात पीटीसी धनंजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, मामले में गंभीर लापरवाही को लेकर तत्कालीन मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के निलंबन की अनुशंसा पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) से की गई है। वहीं, खनन निरीक्षक मोहम्मद अरमान के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी (DM) को अनुशंसा पत्र भेजा गया है।
मामला 3 जुलाई 2026 का है, जब खनन विभाग ने अवैध परिवहन के आरोप में गिट्टी लदा एक ट्रक जब्त किया था। खनन विभाग ने उस पर 11 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना (चालान) ठोका था और ट्रक को विधिवत जब्ती सूची (Seizure List) के साथ मुफस्सिल थाना के सुपुर्द कर दिया था। हालांकि, कुछ ही दिनों बाद जब वह ट्रक थाना परिसर से ही गायब हो गया, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने मुख्यालय डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया था।
शुरुआत में थाना पुलिस ने अपना बचाव करते हुए दावा किया था कि खनन विभाग के अधिकारी ट्रक को थाने के बाहर छोड़कर चले गए थे और उन्हें कोई आधिकारिक जब्ती सूची नहीं सौंपी गई थी। हालांकि, खनन विभाग ने मुफस्सिल थाने द्वारा दी गई रिसीविंग (प्राप्ति रसीद) और जब्ती सूची की प्रति सीधे एसपी के समक्ष प्रस्तुत कर दी। इस सबूत ने पुलिस के दावों की हवा निकाल दी और जांच में थाने स्तर पर सुरक्षा तथा जब्ती प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरतने की बात साबित हो गई।
जांच रिपोर्ट आने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही राजेश कुमार-2 को मुफस्सिल थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लेकिन इस कार्रवाई के बावजूद सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि 11 लाख से अधिक के चालान वाला भारी-भरकम ट्रक आखिरकार पुलिस की नाक के नीचे से कैसे गायब हो गया और वह फिलहाल कहां है? पुलिस अब गायब ट्रक का पता लगाने में जुटी हुई है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट