Munger robbery case: मुंगेर में 6.8 किलो चांदी की लूट का खुलासा, पूर्व कर्मचारी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
Munger robbery case: मुंगेर के तारापुर में 6.8 किलो चांदी के आभूषणों की लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पूर्व कर्मचारी समेत तीन आरोपित गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने 2.3 किलो चांदी बरामद की है।
Munger robbery case: बिहार के मुंगेर जिले में चांदी के आभूषणों की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 6 किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण लूटने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस लूट की साजिश उसी ज्वेलर्स की दुकान में पहले काम कर चुके एक व्यक्ति ने रची थी, जहां से आभूषणों की सप्लाई की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपितों के पास से करीब 2 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
28 अक्टूबर को हुई थी चांदी के आभूषणों की लूट
दरअसल, 28 अक्टूबर को तारापुर के एक ज्वेलर्स दुकान के दो कर्मचारी बाइक से करीब 6 किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण लेकर सप्लाई देने जा रहे थे। उन्हें संग्रामपुर, बेलहर और साहेबगंज की दुकानों में आभूषण पहुंचाने थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने बाइक की डिक्की में रखे चांदी के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद संग्रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और लूटकांड की गंभीरता को देखते हुए तारापुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम बनाई।
छापेमारी कर तीन आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 4 नवंबर को अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित काजीटोला निवासी रोशन कुमार सहनी, मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडीस्थान सहनी टोला निवासी नीरज उर्फ नीरू सहनी और तारापुर पुरानी बाजार निवासी भोला सोनार के रूप में हुई है।
पूर्व कर्मचारी ने रची थी लूट की साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, भोला सोनार इस लूटकांड का मास्टरमाइंड है। बताया जा रहा है कि वह पहले उसी ज्वेलर्स की दुकान में काम करता था, जहां से चांदी के आभूषणों की सप्लाई की जा रही थी। बाद में उसने अपनी अलग दुकान खोल ली थी, जो फिलहाल बंद है। पुलिस के मुताबिक, ज्वेलर्स की दुकान में काम करने के दौरान भोला को सप्लाई और कारोबार से जुड़ी जानकारी थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उसने लूट की योजना बनाई और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
2.3 किलो चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार, लूट के बाद तीनों आरोपितों ने चांदी के आभूषण आपस में बांट लिए थे। इनमें से कुछ आभूषण बेच भी दिए गए थे। गिरफ्तार आरोपितों के पास से करीब 2 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। एसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और लूटे गए बाकी आभूषणों की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट