Bihar News: मुंगेर के सभी CHC में खुलेगी रक्त संग्रहण इकाई, मरीजों को मिलेगी ये भी सुविधाएं

Bihar News: स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और जरूरतमंद मरीजों को वक्त पर खून मुहैया कराने की दिशा में अहम पहल की जा रही है।...

ग्रामीण मरीजों को मिलेगी राहत- फोटो : IMTIYAZ

Munger: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और जरूरतमंद मरीजों को वक्त पर खून मुहैया कराने की दिशा में अहम पहल की जा रही है।  सात निश्चय योजना के तहत मुंगेर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त संग्रहण इकाई स्थापित की जाएगी। इस पहल से खासकर ग्रामीण इलाकों के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब रक्त की जरूरत पड़ने पर मरीजों को हर बार सदर अस्पताल या बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आपातकालीन स्थिति में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक कारगर बनाने में भी यह व्यवस्था मददगार साबित हो सकती है।

चिकित्सा पदाधिकारियों और तकनीशियनों को दिया गया प्रशिक्षण

रक्त संग्रहण इकाइयों के सुचारु संचालन की तैयारी के तहत सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष में चिकित्सा पदाधिकारियों और तकनीशियनों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संग्रामपुर, टेटिया बंबर, बरियारपुर और असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा पदाधिकारियों और तकनीकी कर्मियों ने हिस्सा लिया।प्रशिक्षण के दौरान रक्त अधिकोष के वरीय प्रयोगशाला प्रावैद्यिकी संजय कुमार ने रक्त संग्रहण की प्रक्रिया, रक्त को सुरक्षित रखने के तरीके और इससे जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि रक्त की सुरक्षा, उचित रखरखाव और निर्धारित मानकों का पालन करना मरीजों की जान बचाने के लिहाज से बेहद अहम है।इस प्रशिक्षण का मकसद स्वास्थ्यकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि रक्त संग्रहण इकाइयों के शुरू होने के बाद मरीजों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

BMSICL के माध्यम से उपलब्ध होंगे उपकरण

ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. फैज ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त संग्रहण इकाइयों के संचालन के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। स्वास्थ्य विभाग की एजेंसी बीएमएसआईसीएल के माध्यम से इन उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा पदाधिकारियों और तकनीशियनों को पहले से प्रशिक्षित करने का उद्देश्य इकाइयों का संचालन व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करना है। आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती से इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण मरीजों को मिलेगी राहत, आपातकाल में होगी सहूलियत

मुंगेर जिले के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता कई बार बड़ी चुनौती बन जाती है। दुर्घटना, प्रसव संबंधी जटिलताओं और अन्य गंभीर परिस्थितियों में समय पर रक्त की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त संग्रहण इकाइयों की स्थापना से मरीजों और उनके परिजनों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है। सात निश्चय योजना के तहत उठाया जा रहा यह कदम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान