Bihar News: स्कूल और अस्पताल का बहाना, फिर रहस्यमयी गुमशुदगी, मुंगेर से दो नाबालिग बहनें लापता, सहेली को फोन कर बोलीं-आरा में हैं, दिल्ली जा रहे हैं...
Bihar News: दो नाबालिग बहनों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।..
Munger: जिले के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। 13 और 15 वर्ष की दोनों बहनें अलग-अलग बहाना बनाकर घर से निकलीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सहेली को आए एक फोन कॉल ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया। फिलहाल पुलिस अपहरण के एंगल से भी मामले की तफ्तीश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हवेली खड़गपुर प्रखंड के लोहरा गांव निवासी श्याम मालाकार की बेटियां सोनाली कुमारी (15) और बबीता कुमारी (13) अलग-अलग समय पर घर से निकली थीं। बड़ी बहन ने परिजनों से कहा कि वह स्कूल जा रही है, जबकि छोटी बहन ने अस्पताल जाने की बात कही। दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई और देर रात तक उनकी तलाश की गई।
तलाश के दौरान परिवार ने दोनों की सहेली फुलमनी कुमारी से संपर्क किया। सहेली ने बताया कि उसके पास सोनाली का फोन आया था। फोन पर दोनों बहनों ने कथित तौर पर कहा कि वे आरा में हैं और दिल्ली जा रही हैं। इसके कुछ देर बाद मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।
परिजनों का आरोप है कि सोनाली की मोबाइल पर जमुई जिले के लक्ष्मीपुर निवासी सोनू कुमार से अक्सर बातचीत होती थी। परिवार की शिकायत के आधार पर संबंधित युवक के खिलाफ नामजद अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस इस आरोप की जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अनिल कुमार गांव पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। टेटिया बंबर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार केहरी ने बताया कि पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। तकनीकी सेल को सक्रिय कर दिया गया है और जमुई पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि दोनों बहनों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और दोनों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। दोनों बहनों के घर छोड़ने की वास्तविक वजह, कथित युवक की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दोनों बच्चियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।