मुंगेर में शादी के 8 महीने बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी, हैदराबाद से फोन पर पति से विवाद के बाद आत्मघाती कदम
Munger : जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज आठ महीने बाद एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के काजीचक गांव निवासी रामू कुमार की पत्नी प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात करीब 11:30 बजे प्रिया और उसके पति के बीच फोन पर तीखी बहस हो रही थी। इसी दौरान प्रिया ने फोन चालू हालत में ही छोड़कर कमरे में ओढ़नी के सहारे फांसी लगा ली।
हैदराबाद में था पति, ससुराल वालों ने खोला कमरा तो उड़े होश
मृतका का पति रामू कुमार रोजगार के सिलसिले में तेलंगाना के हैदराबाद में रहता है। फोन पर बहस के दौरान जब अचानक प्रिया की तरफ से बोलना बंद हो गया, तो रामू लगातार फोन पर उसे आवाज देता रहा। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर अनहोनी की आशंका में उसने मुंगेर में रह रहे अपने परिजनों को तुरंत फोन किया और प्रिया के कमरे में जाकर देखने को कहा। परिजन जब प्रिया के कमरे के पास पहुंचे और दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। प्रिया फंदे से लटकी हुई थी।
आठ महीने पहले भागलपुर में धूमधाम से हुई थी शादी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बरियारपुर के काजीचक निवासी रामू कुमार की शादी करीब आठ महीने पहले भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र के रहने वाले बलवीर यादव की पुत्री प्रिया कुमारी से बेहद धूमधाम से हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ महीनों तक दोनों के बीच सब कुछ सामान्य और खुशहाल रहा, लेकिन बाद के दिनों में उनके बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर घरेलू विवाद और कहासुनी होने लगी थी। इसी तनाव के बीच रामू कमाने के लिए हैदराबाद चला गया था, लेकिन फोन पर भी उनके बीच का विवाद थमा नहीं।
भाई का दावा- मोबाइल में मौजूद हैं विवाद की वॉयस रिकॉर्डिंग
इस खौफनाक घटना के बाद से मृतका के मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मुंगेर पहुंच गए। मृतका के भाई ने एक बड़ा दावा करते हुए पुलिस को बताया कि प्रिया के मोबाइल फोन में पति-पत्नी के बीच हुए पूर्व के विवादों की कई वॉयस रिकॉर्डिंग मौजूद हैं। भाई का आरोप है कि इन रिकॉर्डिंग्स से यह साफ हो जाएगा कि दोनों के बीच लगातार गंभीर झगड़े होते थे, जिसने प्रिया को इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) व वॉयस रिकॉर्डिंग की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौत के असली कारणों और इसमें किसी की संलिप्तता का पूरा खुलासा हो सकेगा।
इम्तियाज की रिपोर्ट