Bihar News : मुंगेर के टेटिया बंबर से 'पंचायत विकास दिवस' की हुई शुरुआत, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टेटिया बंबर प्रखंड के जगन्नाथ उच्च विद्यालय प्रांगण से राज्यव्यापी 'पंचायत विकास दिवस' का विधिवत शुभारंभ किया......पढ़िए आगे
MUNGER : मुंगेर का टेटिया बंबर प्रखंड रविवार को ऐतिहासिक गवाह बना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जगन्नाथ उच्च विद्यालय प्रांगण स्थित कार्यक्रम स्थल से पंचायत विकास दिवस का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार के 8500 पंचायत में यहीं से पंचायत विकास दिवस का शुभारंभ किया जा रहा है जो टेटिया बंबर के लिए गौरव होगा।
उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग की सड़क से वंचित टेटिया बंबर प्रखंड में पथ निर्माण विभाग की सड़क पहुंचाई जाएगी। इसके लिए पथ निर्माण विभाग के सचिव को निर्देश दिया गया है। खुद को तारापुर के निवासियों का ऋणी बताते हुए कहा कि उनके सभी अधूरे सपनों को पूरा किया जाएगा। इसी के लिए पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।
कहा की प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को हर पंचायत में पंचायत विकास दिवस शिविर का आयोजन कर पंचायत के विकास कार्यों का रोड मैप तैयार कर उसके अनुरूप विकास किया जाएगा। इससे पंचायत की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी जिला मुख्यालय को फोरलेन से जोड़ने की योजना पर सरकार काम कर रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में को सुदृढ़ कर लिया गया है अब किसी भी सूरत में अनुमंडल अस्पताल या सदर अस्पताल से मरीजों को रेफर नहीं किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा की 15 अगस्त के बाद अगर कोई मरीज रेफर होता है तो डॉक्टर के विरुद्ध सीधे कार्रवाई होगी। अपराधीकरण के खात्मे की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अपराधियों का बिहार में कोई जगह नहीं है। अपराधी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई चल रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर जमुई सांसद अरुण भारती, मुंगेर जिला के प्रभारी मंत्री सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, मुंगेर विधायक कुमार प्रनय, जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट