फरार हथियार तस्कर के घर गाजे-बाजे के साथ पहुंचा पुलिस बल, चिपकाया इश्तहार
अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ मुंगेर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में, नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा स्थित गीता बाबू रोड पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है...
Munger : अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ मुंगेर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में, नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा स्थित गीता बाबू रोड पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी चंदन सहनी के घर कोतवाली थाना पुलिस अचानक गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची, जिससे पूरे इलाके के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
कोर्ट के आदेश पर चस्पा किया गया कानूनी नोटिस
यह पूरी कार्रवाई अवैध हथियार तस्करी मामले में दर्ज प्राथमिकी के आलोक में न्यायालय द्वारा जारी आदेश के बाद की गई है। आरोपी चंदन सहनी (पिता स्वर्गीय रामचंद्र सहनी) गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा है और पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। कोतवाली थाना पुलिस ने उसके पैतृक आवास पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत विधिवत रूप से इश्तहार (घोषणा पत्र) चस्पा किया।
मुनादी कराकर आत्मसमर्पण की दी गई अंतिम चेतावनी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरे मोहल्ले में ढोल बजवाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई। लाउडस्पीकर के जरिए स्थानीय लोगों और आरोपी के परिजनों को सूचित किया गया कि चंदन सहनी निर्धारित समय सीमा के भीतर माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर आत्मसमर्पण (Surrender) करे। पुलिस ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी है कि यह आरोपी के लिए कानून के सामने पेश होने का अंतिम अवसर है।
सरेंडर न करने पर होगी घर की कुर्की-जब्ती
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए बताया कि यदि आरोपी तय समय के भीतर कोर्ट में हाजिर नहीं होता है, तो पुलिस बिना किसी देरी के कोर्ट से वारंट लेकर अगली कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी। इसके तहत आरोपी के घर की 'कुर्की-जब्ती' (संपत्ति कुर्क करने) की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। इस पूरी मुनादी और चस्पा की कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इम्तियाज की रिपोर्ट