पीएम मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट करना आरजेडी नेता को पड़ा भारी: पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

पीएम मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में पुलिस ने राजद नेता को गिरफ्तार कर लिया है। वही उनके मोबाइल को जब्त करते हुए डिजिटल साक्ष्यों और मूल स्रोतो की जांच में जुटी है......

पीएम मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में आरजेडी के महानगर अध्यक्ष जुनैद मकबूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कासिम बाजार थाना की पुलिस ने मिली शिकायत और प्रारंभिक डिजिटल जांच के आधार पर बेलन बाजार स्थित उनके आवास से यह कार्रवाई करते हुए पोस्ट में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है।


पीएम के जन्मदिन के दौरान फेसबुक पर साझा की गई थी पोस्ट

पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के जश्न और आयोजनों के दौरान किए गए एक फेसबुक पोस्ट से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पीएम मोदी की तस्वीर के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी वाला पोस्ट साझा किया गया था, जिसके सार्वजनिक होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।


पुलिस कर रही है डिजिटल साक्ष्यों और मूल स्रोत की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए कासिम बाजार थाना पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों की प्रारंभिक जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित आपत्तिजनक सामग्री का मूल स्रोत (Origin Source) क्या था और इसे किस-किस के जरिए आगे प्रसारित किया गया।


भाजपा नेता राजेश जैन की शिकायत पर एसपी के संज्ञान में आया मामला

इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन ने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें वह फेसबुक पोस्ट भेजा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत इस आपत्तिजनक पोस्ट को पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद के संज्ञान में लाया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मामला दर्ज किया। भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।


न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू, राजनीतिक बयानबाजी तेज

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी जुनैद मकबूर को चिकित्सीय जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की औपचारिक प्रक्रिया में जुटी है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद मुंगेर के राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है और इस पर तीखी राजनीतिक बयानबाजी शुरू होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।


इम्तियाज की रिपोर्ट