Bihar News: अस्पताल में अजगर का खौफ,मेल मेडिकल वार्ड में घुसा विशाल सांप, मची अफरा-तफरी

Bihar News: अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेल मेडिकल वार्ड के आसपास अचानक एक विशाल अजगर सांप दिखाई दिया।...

अस्पताल में अजगर का खौफ- फोटो : reporter

Bihar News: मुंगेर के जमालपुर स्थित रेलवे मुख्य अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेल मेडिकल वार्ड के आसपास अचानक एक विशाल अजगर सांप दिखाई दिया। अस्पताल की तराई और पहाड़ी इलाके से सटे होने के कारण सांप के वार्ड तक पहुंचने की खबर फैलते ही मरीजों और उनके परिजनों में खौफ पैदा हो गया। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए सकते में आ गए।

बताया जा रहा है कि रविवार को मेल मेडिकल वार्ड के आसपास अजगर करीब दो घंटे तक मौजूद रहा। वार्ड में भर्ती मरीजों को डर था कि कहीं अजगर अंदर न घुस जाए। अस्पताल परिसर में सांप होने की सूचना मिलते ही प्रबंधन ने स्नेक रेस्क्यू टीम को जानकारी दी।सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानी से इलाके की घेराबंदी करते हुए अजगर को पकड़ने की कवायद शुरू की। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।रेस्क्यू के बाद अजगर को अस्पताल परिसर से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों ने राहत की सांस ली। हालांकि घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक डर और दहशत का माहौल बना रहा।

अस्पताल में अजगर निकलने के बाद मरीजों ने परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। मरीजों का कहना है कि अस्पताल के आसपास बड़ी संख्या में झाड़ियां और जंगलनुमा वनस्पति उग आई हैं। नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई-छंटाई नहीं होने के कारण जहरीले सांप और दूसरे जीव-जंतुओं के परिसर में आने का खतरा बना रहता है।

मरीजों ने वार्ड और बाथरूम में गंदगी की शिकायत भी की। उनका कहना है कि अस्पताल एक संवेदनशील स्थान है, जहां हर वक्त मरीज, बुजुर्ग, महिलाएं और उनके परिजन मौजूद रहते हैं। ऐसे में साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखना जरूरी है।

फिलहाल अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और उसे जंगल में छोड़ दिया गया है। लेकिन इस घटना ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों को लेकर बहस छेड़ दी है।मरीजों और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि परिसर में नियमित सफाई कराई जाए, झाड़ियों की कटाई-छंटाई हो और वार्डों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए।अजगर तो जंगल लौट गया, लेकिन उसके पीछे अस्पताल की व्यवस्था को लेकर कई सवाल छोड़ गया है क्या अगली बार भी किसी खतरनाक जीव के आने के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था जागेगी?

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान