सीएम के गृह क्षेत्र तारापुर में विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल, 19 लाख के नाले में घटिया निर्माण का आरोप

मुंगेर जिले के तारापुर में सरकारी योजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए है। स्थानीय वार्ड पार्षद और ग्रामीणों ने वार्ड संख्या 12 स्थित 19 लाख की लागत से बन रहे नाले की गुणवत्ता की अनदेखी करने का आरोप लगाया है....

तारापुर में विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले के तारापुर नगर पंचायत में सरकारी राशि से कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय वार्ड पार्षद और ग्रामीणों ने वार्ड संख्या 12 स्थित गोगाचक में लगभग 19 लाख रुपये से अधिक की लागत से बन रहे नाले के निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी तथा करीब चार लाख रुपये की लागत से लगाए गए प्याऊ के दो महीने में ही बंद हो जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और जांच व कार्रवाई की मांग की गई है। बता दें तारापुर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का गृह क्षेत्र है। 


19 लाख के नाले के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल व अभद्र व्यवहार का आरोप

जानकारी के अनुसार, तारापुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के गोगाचक में करीब 19 लाख रुपये से अधिक की लागत से नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता को लेकर शुरू से सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद सन्नी कुमार का आरोप है कि संवेदक मोहम्मद सिकन्दर रजा द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है, साथ ही गुणवत्ता पर सवाल उठाने पर संवेदक के मुंशी द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है। वार्ड पार्षद सन्नी कुमार ने कहा कि उन्होंने स्वयं निर्माण कार्य में गड़बड़ी देखी और इसकी शिकायत नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया से की, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


दो साल पहले लगा चार लाख का प्याऊ दो महीने में ही ठप, सामान ले जाने का आरोप

आरोपों के मुताबिक, इसी वार्ड में लगभग दो साल पहले स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब चार लाख रुपये की लागत से प्याऊ लगाया गया था, जो महज दो महीने भी ठीक से नहीं चल सका और बंद हो गया। वार्ड पार्षद सन्नी कुमार का आरोप है कि प्याऊ खराब होने की सूचना कार्यपालक पदाधिकारी को देने के बावजूद उसे दुरुस्त नहीं कराया गया, वहीं कार्यपालक पदाधिकारी के स्टाफ रोशन कुमार पर प्याऊ का सामान खोलकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।


कार्यपालक पदाधिकारी ने अनौपचारिक बातचीत में कही सुधार व कार्रवाई की बात

इस मामले में तारापुर नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। फोन पर अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने बताया कि संवेदक को निर्माण कार्य में सुधार के लिए हिदायत दी जा चुकी है और इसके बावजूद शिकायत मिलने पर संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


निष्पक्ष जांच व बंद प्याऊ चालू होने के इंतजार में स्थानीय लोग

नाले के निर्माण की गुणवत्ता और लंबे समय से बंद पड़े प्याऊ को लेकर स्थानीय लोगों व ग्रामीणों में जांच तथा कार्रवाई को लेकर इंतजार बना हुआ है। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि शिकायतों के आलोक में कब निष्पक्ष जांच होती है और बंद प्याऊ को कब तक दुरुस्त कर चालू कराया जाता है।


इम्तियाज की रिपोर्ट