Bihar News : मुंगेर के पोलो मैदान में रावण वध कार्यक्रम का हुआ आयोजन, 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाये 'जय श्री राम' के नारे

Bihar News : मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में विजयादशमी के पावन पर्व पर अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक भव्य रावण वध कार्यक्रम अत्यंत उत्साह व उमंग के साथ आयोजित किया गया।

धू-धूकर जला रावण - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में विजयादशमी के अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण वध कार्यक्रम भव्य तरीके से आयोजित किया गया। रामलीला मैदान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरा पोलो मैदान ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, करीब आधे घंटे तक हुई शानदार आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

विजयादशमी के मौके पर रावण वध कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम 5 बजकर 45 मिनट पर भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य शोभायात्रा रामलीला मैदान से निकलकर पोलो मैदान पहुंची। इसके बाद शाम 6 बजे जिलाधिकारी निखिल धनराज, एसपी सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोगों ने आरती की। फिर जिलाधिकारी और भगवान राम का स्वरूप निभा रहे रितेश मिश्रा ने बाण चलाकर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया।

पुतलों में आग लगते ही पूरा मैदान ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, करीब आधे घंटे तक चली आकर्षक आतिशबाजी से आसमान सतरंगी रोशनी से जगमगा उठा। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए 10 हजार से अधिक लोग पोलो मैदान पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सदर एसडीओ कुमार अभिषेक, एसडीपीओ अभिषेक आनंद सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते रहे। एसपी सैयद इमरान मसूद ने लोगों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन के शांतिपूर्ण संपन्न होने का भरोसा दिलाया। इस तरह मुंगेर के पोलो मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों के दहन के साथ विजयादशमी का पर्व उत्साह, उमंग और भक्ति के माहौल में मनाया गया।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट