Bihar CM Munger Visit:सम्राट चौधरी का एक्शन मोड, बिहार में अब ढिलाई नहीं, सरकारी जमीन पर कब्जेदारों पर गिरेगी गाज, मुंगेर में किए कई बड़े ऐलान

Bihar CM Munger Visit: मुंगेर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ब्लॉक और अंचल स्तर पर कामकाज की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से होगी।...

सम्राट चौधरी का एक्शन मोड- फोटो : reporter

Bihar CM Munger Visit: रविवार का दिन मुंगेर जिले के लिए एक नई उम्मीद और प्रशासन के लिए कड़े सबक का संदेश लेकर आया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत असरगंज प्रखंड के बैजलपुर पंचायत पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। हेलीपैड पर उतरते ही मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात (133वां एपिसोड) को सुना और फिर सीधे विकास के एजेंडे पर चर्चा शुरू की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ब्लॉक और अंचल स्तर पर कामकाज की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से होगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, यदि कोई पदाधिकारी एक महीने से अधिक फाइल लंबित रखता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। अतिक्रमण के खिलाफ भी उन्होंने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। मुख्यमंत्री ने मिसाल पेश करते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी का भी घर क्यों न हो। उन्होंने यहां तक कहा कि तारापुर में उनके अपने घर पर भी प्रशासन की कार्रवाई चल रही है, जो यह साबित करता है कि कानून सबके लिए बराबर है।

सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की- राज्य में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। साथ ही, हर घर तक एक किलोवाट सोलर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है।

फोरलेन सड़कों को जोड़ने का काम जारी है और भविष्य में कोलकाता तक एक्सप्रेस-वे बनाने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।

देवघरा पहाड़ के विकास के लिए ₹26 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। बाढ़ नियंत्रण के लिए गंगा में पानी के बहाव को नियंत्रित करने वाली नई जल प्रबंधन योजना पर काम चल रहा है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "जिसने मुझे एक बार भी वोट दिया है, मैं उसका सेवक हूं।" मुख्यमंत्री की इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पानिकर और एसपी सैयद इमरान मसूद भी मौजूद रहे। कुल मिलाकर, सम्राट चौधरी का यह दौरा विकास और सख्त प्रशासन का एक मिला-जुला संदेश लेकर आया है, जिसने मुंगेर की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान