Bihar News: पहली बार CM बनकर गृह जिला आ रहे सम्राट चौधरी,12.49 करोड़ की योजना से बदलेगी ढोल पहाड़ी की तस्वीर, लोगों में उत्साह
Bihar News:26 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिला मुंगेर के असरगंज स्थित ढोल पहाड़ी पहुंच रहे हैं।...
Bihar News:मुंगेर की सरजमीं पर सियासत और तरक्की का एक अहम मोड़ आने वाला है। 26 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिला मुंगेर के असरगंज स्थित ढोल पहाड़ी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा है, जिसे लेकर इलाके में जबरदस्त जोश और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
दरअसल, यह दौरा महज एक सियासी यात्रा नहीं, बल्कि वादे से हकीकत तक का सफर है। उपमुख्यमंत्री रहते हुए जिस ढोल पहाड़ी इको-टूरिज्म हब की बुनियाद रखने का ऐलान किया गया था, अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उसी प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया जाएगा। करीब 12.49 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत इलाके में पिकनिक स्पॉट, भव्य शिव प्रतिमा, क्राफ्ट शॉप्स और आधुनिक बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ग्रामीणों के बीच इस दौरे को लेकर एक अलग ही जश्न का माहौल है। लोग इसे अपने इलाके की तकदीर बदलने वाला कदम मान रहे हैं। गांव-गांव में तैयारियां जोरों पर हैं कहीं स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, तो कहीं फूल-मालाओं और पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री के इस्तकबाल की तैयारी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमारे मुख्यमंत्री ने जो वादा किया था, अब उसे निभाने आ रहे हैं, जिससे भरोसे और उम्मीदों को नई ताकत मिली है।
वहीं, जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। हर पहलू पर नजर रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रम बेहतरीन तरीके से संपन्न हो सके।
अब सबकी निगाहें 26 अप्रैल पर टिकी हैं, जब ढोल पहाड़ी से विकास की नई दास्तान लिखी जाएगी। यह दौरा न सिर्फ मुंगेर के लिए, बल्कि पूरे बिहार के टूरिज्म सेक्टर के लिए एक नई शुरुआत का पैगाम माना जा रहा है।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान