श्रावणी मेला: तारापुर में जय बाबा भोलेनाथ सेवा संस्थान का नि:शुल्क शिविर शुरू, कांवरियों के लिए दवा, फल और विश्राम की व्यवस्था

तारापुर में जय बाबा भोलेनाथ सेवा संस्थान का नि:शुल्क शिविर शुरू- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान जहां लाखों शिवभक्त सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबाधाम की कठिन पदयात्रा पर निकल रहे हैं, वहीं उनकी सेवा और सहूलियत के लिए कई सामाजिक संस्थाएं भी पूरी निष्ठा से जुटी हैं। इसी कड़ी में मुंगेर जिले के तारापुर स्थित 'जय बाबा भोलेनाथ सेवा संस्थान' ने कांवरियों के लिए विशाल निशुल्क सेवा शिविर का शुभारंभ किया है।


दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन, अध्यक्ष सम्मानित

तारापुर के तेलडीहा मोड़ स्थित गोगाचक सरकारी धर्मशाला के समीप इस निशुल्क सेवा शिविर का भव्य उद्घाटन संस्थान के अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष सुबोध कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और बाबा के भक्तों के लिए शिविर की सेवाओं को समर्पित किया।


वर्ष 2013 से लगातार जारी है नि:शुल्क सेवा का सिलसिला

संस्था के सदस्यों ने जानकारी दी कि वर्ष 2013 से लगातार यह सेवा शिविर बिना किसी रुकावट के पूरी निष्ठा और नि:स्वार्थ भाव से संचालित किया जा रहा है। पूरे श्रावण महीने में इस मार्ग से गुजरने वाले कांवरियों के लिए निशुल्क ताजा फल, ठंडा शरबत, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच-दवा और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि कांवरियों को अपनी कठिन यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो।


प्रसाद वितरण के साथ गूंजे 'हर-हर महादेव' के जयकारे

शिविर के औपचारिक शुभारंभ के बाद वहाँ उपस्थित श्रद्धालुओं, कांवरियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच बाबा भोलेनाथ का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल-बम" के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में धर्मवीर कुमार यादव, सुबोध कुमार, राहुल दत्ता सहित कई स्थानीय समाजसेवी और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।


'मानवता और धर्म की सेवा ही मुख्य उद्देश्य'

संस्थान के संस्थापक राम प्रकाश केसरी, विमल पोद्दार, संजीव जी और अवधेश पोद्दार सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि इस सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रावणी मेले में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की नि:स्वार्थ सेवा कर मानवता और सनातन धर्म की भावना को मजबूत बनाना है।


इम्तियाज की रिपोर्ट