Bihar News: मुंगेर में रफ्तार का कहर, तेज ट्रक की टक्कर से नवविवाहिता की मौत, पति जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा

Bihar News: मुंगेर जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां सड़क हादसे में एक नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई ...

मुंगेर में रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar News: मुंगेर जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां सड़क हादसे में एक नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदयविदारक घटना तारापुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर मैदान के पास सुल्तानगंज–देवघर मुख्य मार्ग पर घटी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी अजय दास अपनी 24 वर्षीय पत्नी जयमाला देवी के साथ बाइक से सुल्तानगंज के मिरठी गांव गए हुए थे। वहां से दोनों किसी जरूरी काम से टेटिया बंबर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर मैदान के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी जयमाला देवी सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय दास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर ले गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जयमाला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अजय दास की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि अजय दास और जयमाला देवी की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतका के घर में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही तारापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान