Bihar News : प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को ग्रामीणों ने रंगे हाथ दबोचा, फिर मंदिर में विधि-विधान से करा दिए सात फेरे

Bihar News : मुंगेर के रवि और करिश्मा के अनोखी शादी की चर्चा तेज हैं. दरअसल प्रेमिका के बुलाने पर रवि उससे मिलने पहुंचा था. जहाँ पकड़ कर ग्रामीणों ने दोनों की शादी करा दी......पढ़िए आगे

प्यार को मिला मुकाम - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र अंतर्गत लगमा गांव से एक अनोखा और सुखद मामला सामने आया है। यहाँ पिछले करीब दो वर्षों से एक-दूसरे के प्यार में डूबे एक प्रेमी जोड़े की शादी स्थानीय ग्रामीणों और दोनों परिवारों की रजामंदी से करा दी गई। लगमा गांव स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज और पूरे विधि-विधान के साथ यह विवाह संपन्न हुआ। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे इलाके में जोर-शोर से हो रही है।

मिलने बुलाने पर ग्रामीणों की चढ़ी नजर

जानकारी के अनुसार, लगमा गांव निवासी प्रदीप मांझी का पुत्र रवि कुमार और टेटिया निवासी अमरजीत मांझी की पुत्री करिश्मा कुमारी पिछले दो साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। बीते दिन रवि ने अपनी प्रेमिका करिश्मा को मिलने के लिए अपने गांव (लगमा) बुलाया था। दोनों चुपके से मिल ही रहे थे कि अचानक ग्रामीणों की नजर इस प्रेमी युगल पर पड़ गई। ग्रामीणों ने दोनों को रोक लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना दोनों के परिजनों को दी।

पंचायत और बातचीत से बनी सहमति

घटना की खबर मिलते ही प्रेमी और प्रेमिका दोनों के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गांव के प्रबुद्ध नागरिकों और परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत का दौर चला। ग्रामीण और पंचायत इस बात पर अड़े थे कि अगर दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं, तो इन्हें सामाजिक और कानूनी रूप से एक हो जाना चाहिए। शुरुआत में थोड़े संकोच के बाद, आखिरकार दोनों पक्षों के माता-पिता इस शादी के लिए पूरी तरह राजी हो गए।

मंदिर में गूंजी शहनाई, लिया गया आशीर्वाद

सहमति बनते ही बिना किसी देरी के शादी की तैयारियां शुरू कर दी गईं। गांव के स्थानीय मंदिर में ग्रामीणों और सगे-संबंधियों की मौजूदगी में रवि और करिश्मा की शादी कराई गई। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे के गले में जयमाला डाली। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद, प्रेमी रवि अपनी नवविवाहित पत्नी करिश्मा को पूरे हक के साथ अपने घर ले गया, जहाँ उसका पारंपरिक स्वागत किया गया।

दोनों परिवारों में खुशी, समाज ने सराहा

आमतौर पर ऐसे मामलों में जहां विवाद या तनाव की स्थिति बनती है, वहीं इस मामले को बेहद शांतिपूर्ण और सकारात्मक तरीके से सुलझाया गया। इस अनोखी शादी के बाद जहां नवविवाहित जोड़ा बेहद खुश है, वहीं दोनों परिवारों के चेहरों पर भी संतोष और खुशी नजर आई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इसे सामाजिक सहमति से लिया गया एक बेहतरीन फैसला बताया, जिससे किसी भी प्रकार के विवाद को टालकर दो दिलों को एक कर दिया गया।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट