Bihar News : मुंगेर में चेहल्लुम जुलूस के दौरान दो अखाड़े आपस में भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे; पुलिस ने भांजी लाठियां

Bihar News : मुंगेर मे चहल्लुम के प्रोसेशन के दौरान दो अखाड़े के सदस्य आपस में भिड़ गए. इस दौरान दोनों अखाड़ों के सदस्यों के बीच खूब लाठी डंडे चले....पढ़िए आगे

चेहल्लुम जुलूस के दौरान चले लाठी डंडे - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले में बीते दिन चेहल्लुम का जुलूस बेहद धूमधाम और अकीदत के साथ निकाला गया था। जुलूस को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे जुलूस के दौरान माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहा, लेकिन कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव पर अचानक स्थिति बिगड़ गई और अखाड़े के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प देखने को मिली।

पुरस्कार वितरण के दौरान हुआ विवाद

घटना जुलूस के अंतिम पड़ाव की है, जहां पहलाम इंतजामिया कमेटी की ओर से जुलूस में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अखाड़ों को पुरस्कृत किया जा रहा था। इसी दौरान मिर्ग्यासचक और हज़रतगंज अखाड़े के सदस्य किसी बात को लेकर आपस में उलझ गए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।

लाठीबाजी से मची भगदड़

विवाद बढ़ते ही दोनों अखाड़ों के सदस्य आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर बुरी तरह लाठियां बरसाने लगे। अचानक शुरू हुई इस लाठीबाजी और धक्का-मुक्की के कारण वहां मेला देखने आए आम श्रद्धालुओं और लोगों के बीच भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।

पुलिस की कार्रवाई और घायलों का इलाज

स्थिति को अनियंत्रित होता देख मौके पर तैनात पुलिस बल को तत्काल हरकत में आना पड़ा। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजनी पड़ीं, जिसके बाद उपद्रवी शांत हुए और मामला नियंत्रित हो सका। इस मारपीट में एक-दो लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्होंने स्थानीय निजी क्लीनिकों में अपना प्राथमिक इलाज कराया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जिस वक्त यह पूरी हिंसक झड़प हो रही थी, वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। अब यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट