Bihar News : मुंगेर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सिपाही और रेलवे कर्मचारी की हुई मौत, गांव में पसरा मातम

Bihar News : मुंगेर में घर से बाहर निकले चाचा और भतीजे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई......पढ़िए आगे

चाचा भतीजे की मौत - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर गांव में रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के समीप अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर नीचे गिर गया। उस वक्त घर से बाहर निकले चाचा और भतीजे इस बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रेलवे कर्मचारी पंकज और उनके भतीजे बिहार पुलिस के जवान अमन के रूप में हुई है। अमन बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर समस्तीपुर में तैनात थे। वह सावन के पवित्र महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाने के लिए दो दिन पूर्व ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे और रविवार शाम को ही उन्हें देवघर के लिए रवाना होना था। वहीं उनके चाचा पंकज भारतीय रेलवे में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

एक ही परिवार के दो जिम्मेदार और कमाऊ सदस्यों की अचानक हुई इस मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस भीषण हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जुटकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तारों और ट्रांसफॉर्मर की समय पर देख-रेख न होने के कारण यह हादसा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग के दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।

रतनपुर गांव की इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते बिजली विभाग द्वारा हाईटेंशन तारों और ट्रांसफॉर्मर का सही से मेंटेनेंस किया गया होता, तो दो होनहार युवकों की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस और संबंधित प्रशासन मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट