Bihar News : मुंगेर में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने की विकास योजनाओं की समीक्षा, पेयजल संकट दूर करने के लिए उठाया बड़ा कदम
Bihar News : केंद्रीय मंत्री ललन सिंह अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मुंगेर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया...
MUNGER : केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह अपने दो दिवसीय दौरे पर मुंगेर पहुंचे। दौरे के दूसरे दिन आज जिला परिषद सभागार में उन्होंने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और जन उपयोगी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुंगेर विधायक कुमार प्रणय , जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी निखिल धनराज ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जिले में चल रही योजनाओं का विभागवार जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कई विभागों ने अपने लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल किया है, जबकि कुछ विभागों की प्रगति धीमी है। ऐसे विभागों को समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में सबसे अहम मुद्दा मुंगेर में जलापूर्ति संकट का रहा।
ललन सिंह ने कहा कि गर्मी के दिनों में शहर के कई इलाकों में पानी की गंभीर समस्या बनी रहती है। उन्होंने माना कि कस्तूरबा जलाशय योजना और अमृत योजना के बावजूद करीब 18 हजार घरों तक अब भी नियमित पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जो चिंता का विषय है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर पटना में मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। साथ ही पीएचईडी और संबंधित एजेंसियों की संयुक्त टीम मुंगेर भेजी जाएगी, जो जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही बाधाओं की जांच कर समाधान निकालेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले गर्मी सीजन से पहले हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं नगर आयुक्त और अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित है, वहां तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। बैठक में जमालपुर डेयरी प्रोजेक्ट पर भी चर्चा हुई। ललन सिंह ने बताया कि मदर डेयरी परियोजना का काम जल्द शुरू होगा। पशुपालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सेक्स-सॉर्टेड सीमन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को फायदा मिलेगा और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट