Bihar News: विक्रमशिला सेतु बंद होते ही मुंगेर में ट्रैफिक अलर्ट, कृष्ण सेतु पर बढ़ेगा दबाव

Bihar News: भागलपुर का विक्रमशिला सेतु बीती रात से यातायात के लिए बंद हो गया है। पुल बंद होने के बाद अब इसका सीधा असर मुंगेर की सड़कों पर पड़ने की आशंका है। ....

विक्रमशिला सेतु बंद होते ही मुंगेर में ट्रैफिक अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar News: भागलपुर का विक्रमशिला सेतु बीती रात से यातायात के लिए बंद हो गया है। पुल बंद होने के बाद अब इसका सीधा असर मुंगेर की सड़कों पर पड़ने की आशंका है। खासकर भागलपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के रूट में बदलाव होने के कारण मुंगेर-कृष्ण सेतु पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। संभावित स्थिति को देखते हुए मुंगेर पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड में आ गई है।

संभावित ट्रैफिक दबाव और जाम की स्थिति से निपटने के लिए एसपी सैयद इमरान मसूद और ट्रैफिक डीएसपी ने पुलिस टीम के साथ शहर और आसपास के कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन प्वाइंट्स को चिन्हित किया, जहां विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

पुलिस ने फोरलेन, अंडरपास, बरियारपुर कटिंग, नौवागढ़ी और कृष्ण सेतु समेत छह प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया है। इन स्थानों पर चेक नाका और पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक को नियंत्रित करेंगे।पुलिस की तैयारी खास तौर पर भारी वाहनों और दूसरे रूट से मुंगेर पहुंचने वाले वाहनों पर केंद्रित है। अधिकारियों का उद्देश्य यह है कि विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद अचानक बढ़ने वाले ट्रैफिक के कारण शहर और कृष्ण सेतु के आसपास जाम की स्थिति पैदा न हो।

पुलिस ने संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखी है। जरूरत पड़ने पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और उन्हें दूसरे मार्गों की ओर डायवर्ट करने की तैयारी की गई है।

एसपी सैयद इमरान मसूद समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की कोशिश है कि पुल बंद रहने के दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो तथा महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात सुचारू बना रहे।विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद अब मुंगेर पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कृष्ण सेतु और आसपास के प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाले अतिरिक्त ट्रैफिक को संभालने की होगी। फिलहाल पुलिस ने संवेदनशील प्वाइंट्स पर निगरानी बढ़ा दी है और स्थिति के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान