Bihar News : मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, भूसे के ढेर में छिपाकर रखी 127 कार्टून विदेशी शराब किया जब्त, मौके से फरार हुआ तस्कर पप्पू राय

Bihar News : शराब कारोबारी के खिलाफ मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए भूसा में छुपा के रखे गए लाखों रुपए मूल्य के विदेशी शराब को बरामद किया है....पढ़िए आगे

लाखों की शराब बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग की टीम लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में टीम ने एक बार फिर शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब को भूसे के ढेर में छिपाकर रखा था। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही मुख्य कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

यह पूरी कार्रवाई जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव में अंजाम दी गई है। उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को एक गुप्त सूचना मिली थी कि मोतनाजे गांव में कुछ बड़े शराब तस्करों द्वारा विदेशी शराब की एक बड़ी खेप मंगवाई गई है और उसे ठिकाने लगाने के उद्देश्य से भारी मात्रा में भंडारण करके रखा गया है। सूचना के फौरन बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थान पर तड़के छापेमारी की योजना बनाई गई।

गठित विशेष टीम ने प्राप्त इनपुट के आधार पर बेनीबाद थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव निवासी तस्कर पप्पू राय के घर और उसके परिसर में अचानक दबिश दी। जब टीम ने वहां मौजूद मवेशियों के चारे के गोदाम की तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। भूसे के ढेर के अंदर बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखे गए कुल 127 कार्टून विदेशी शराब को बरामद किया गया। बाजार में इस जब्त शराब की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब की पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया।

इस सफल कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई थी। पप्पू राय के घर से 127 कार्टून विदेशी शराब जब्त की गई है। हालांकि, छापेमारी दल के पहुंचने से ऐन पहले मुख्य आरोपी पप्पू राय और उसके सहयोगी मौके से भागने में कामयाब रहे। विभाग ने फरार तस्करों को चिन्हित कर लिया है और उनके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

उत्पाद विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके के शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी पप्पू राय सहित कई अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस और उत्पाद विभाग का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाकर मुख्य सप्लायर तक भी पहुंचा जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट