Bihar News : मुजफ्फरपुर में शिक्षा के मंदिर में शराब तस्करी का पर्दाफाश, कॉलेज परिसर के खंडहर में मिले 24 कार्टन विदेशी शराब

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने बैरिया स्थित महेश भगत बनवारी लाल महाविद्यालय परिसर में स्थित एक खंडहर नुमा मकान में छापेमारी कर तकरीबन 24 कार्टून विदेशी शराब बरामद किया है....पढ़िए आगे

कॉलेज परिसर में शराब - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले में पुलिस और उत्पाद विभाग की लगातार सख्ती के बावजूद शराब तस्कर नए-नए और हैरान करने वाले ठिकाने ढूंढ रहे हैं। ताजा मामला शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र का है, जहाँ शराब माफियाओं ने शिक्षा के मंदिर यानी कॉलेज परिसर को ही अपना अवैध ठिकाना बना लिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए बैरिया स्थित प्रतिष्ठित महेश भगत बनवारी लाल महाविद्यालय परिसर में बने एक खंडहरनुमा मकान से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है।

ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कॉलेज परिसर के सुनसान और जर्जर हिस्से का इस्तेमाल शराब को छिपाने और आपूर्ति करने के लिए किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। मौके से करीब 24 कार्टन यानी लगभग 210 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। शराब बरामदगी के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और कॉलेज प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महाविद्यालय प्रशासन को परिसर में चल रहे इतने बड़े अवैध कारोबार की भनक तक नहीं लगी। गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत जिस परिसर या मकान से शराब बरामद होती है, उसे सील करने और मालिक पर कानूनी शिकंजा कसने का कड़ा प्रावधान है। ऐसे में अब यह बड़ा सवाल बन गया है कि क्या महाविद्यालय परिसर के इस खंडहर भवन को सील किया जाएगा और क्या प्रबंधन के खिलाफ भी कोई विभागीय या कानूनी कार्रवाई होगी?

मामले की जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ब्रह्मपुरा पुलिस ने एमबीबीएल कॉलेज परिसर स्थित खंडहर से शराब बरामद की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में महाविद्यालय प्रबंधन से पत्राचार कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके साथ ही, पुलिस ने इस पूरी तस्करी के पीछे मुख्य भूमिका निभाने वाले एक बड़े शराब तस्कर की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मुजफ्फरपुर पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि तस्करों को कॉलेज परिसर के अंदर आने-जाने में कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति का संरक्षण तो प्राप्त नहीं था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट