मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल आईसीयू विवाद पर प्रशासन का खंडन: प्रकाशित खबर भ्रामक, मरीजों का नियमित इलाज जारी
“आईसीयू खुला, पर नहीं मिले नर्सिंग स्टाफ व तकनीशियन” शीर्षक से प्रकाशित खबर को सदर अस्पताल प्रशासन ने भ्रामक करार दिया है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि 10 बेड का आईसीयू पूरी तरह क्रियाशील है और 13 दिनों में 29 नए मरीज भर्ती हुए है....
Muzaffarpur : सदर अस्पताल के आईसीयू (ICU) को लेकर 14 अगस्त 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित “आईसीयू खुला, पर नहीं मिले नर्सिंग स्टाफ व तकनीशियन” शीर्षक वाली खबर पर अस्पताल प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक तथ्यात्मक प्रतिवेदन के आधार पर यह स्पष्ट किया गया है कि अखबार में मरीजों को भर्ती न किए जाने और स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर प्रकाशित किए गए तथ्य पूरी तरह भ्रामक और असत्य हैं।
10 बेड का आईसीयू पूरी तरह क्रियाशील, 13 दिनों में 29 नए मरीज हुए भर्ती
अस्पताल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर में 10 बेड का आधुनिक आईसीयू सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। 01 अगस्त से 13 अगस्त 2026 के बीच ही कुल 29 नए गंभीर मरीजों को आईसीयू में भर्ती कर उनका सफल इलाज किया गया। यह आंकड़ा स्पष्ट रूप से साबित करता है कि आईसीयू में मरीजों की भर्ती और उपचार प्रक्रिया बिना किसी बाधा के नियमित रूप से चल रही है।
हर शिफ्ट में रोस्टर के अनुसार डॉक्टर और जीएनएम नर्सिंग स्टाफ तैनात
अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए प्रतिवेदन में बताया गया कि आईसीयू की प्रत्येक पाली (शिफ्ट) में पर्याप्त संख्या में GNM नर्सिंग कर्मी तैनात रहते हैं। इसके अलावा निर्धारित रोस्टर के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए रखते हैं और उन्हें तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल प्रदान करते हैं।
अस्पताल प्रशासन ने जारी किया 01 से 13 अगस्त तक भर्ती मरीजों का दिनवार ब्योरा
प्रशासन ने अखबार के दावों को खारिज करने के लिए दिनवार भर्ती मरीजों का आधिकारिक डेटा भी साझा किया है। ब्योरे के मुताबिक 01 अगस्त को 3, 02 अगस्त को 3, 03 अगस्त को 2, 04 अगस्त को 2, 05 अगस्त को 1, 06 अगस्त को 2, 07 अगस्त को 2, 08 अगस्त को 3, 09 अगस्त को 3, 11 अगस्त को 1, 12 अगस्त को 3 तथा 13 अगस्त को 4 मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया गया। इस प्रकार कुल 29 मरीजों को गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा दी गई।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध
स्वास्थ्य विभाग ने दोहराया है कि आम जनता को पारदर्शी और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध सभी संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए मरीजों को आईसीयू में हर संभव सहायता दी जा रही है। अतः मीडिया में आई खबरें तथ्यों से परे हैं और आम लोगों को किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
प्रिय दर्शन की रिपोर्ट