कांटी में सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की प्रशासनिक तैयारियां तेज: विधायक, डीएम व एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
Muzaffarpur : जिले के कांटी नगर परिषद क्षेत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन और शिक्षाविद स्वर्गीय गया चौधरी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के साथ कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन के रास्तों और प्रशासनिक तैयारियों का गहन जायजा लिया तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वाचनालय और कांटी हाईस्कूल खेल मैदान का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत कांटी नगर परिषद के वार्ड संख्या 17 स्थित वाचनालय परिसर से हुई, जहां शिक्षाविद स्वर्गीय गया चौधरी की प्रतिमा स्थापित की जानी है। इसके पश्चात अधिकारियों की टीम कांटी हाईस्कूल खेल मैदान पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड, सुरक्षा घेरा और मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की समीक्षा की गई। मौके पर मौजूद एसडीएम (पश्चिमी) स्नेहा कुमारी एवं एसडीपीओ (पश्चिमी-1) सुचित्रा कुमारी ने सुरक्षा ब्लूप्रिंट और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
स्वर्गीय गया चौधरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे मुख्यमंत्री
निरीक्षण के दौरान विधायक ई. अजीत कुमार ने बताया कि उनके पिता और जाने-माने शिक्षाविद स्वर्गीय गया चौधरी की प्रतिमा का भव्य अनावरण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को सुचारु, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तारीख शीघ्र ही आधिकारिक रूप से घोषित कर दी जाएगी, जिसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
कांटी मुख्य बाजार में जाम से निजात के लिए बाईपास का प्रस्ताव
कार्यक्रम की तैयारियों के साथ-साथ विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने कांटी मुख्य बाजार को रोजाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के विकल्पों पर भी विचार-विमर्श किया। इसके तहत डीपी गुप्ता प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय के पास से बाईपास सड़क निकालने की संभावनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। विधायक ने दिन के समय बड़े व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर 'नो-एंट्री' लागू करने तथा कांटी ओवरब्रिज के समीप तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की स्थायी तैनाती की मांग की।
वरिष्ठ अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
स्थल निरीक्षण के दौरान डीडीसी निशांत सिहारा, कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, अंचलाधिकारी (सीओ) मुकेश कुमार, नगर परिषद की प्रभारी ईओ स्वरा, सभापति दिलीप कुमार, दीपक उर्फ टुन्ना, रजनीश कुमार उर्फ फौजी, प्रभु गुप्ता, शिवेंद्र ठाकुर, पप्पू गुप्ता तथा वार्ड पार्षद इनरदेव उर्फ पप्पू राम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।
सभी अधिकारियों ने एक स्वर में आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को भव्य व सुरक्षित बनाने के साथ-साथ जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
धीरज सिंह की रिपोर्ट