Bihar News : इंस्टाग्राम पर प्यार के बाद मासूम बेटे को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई महिला, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने किया बरामद

Bihar News : शादी के सात वर्षों बाद सोशल मीडिया पर हुए प्यार के चक्कर में अपने मासूम बच्चे को छोड़कर फरार हुई महिला को पुलिस ने आखिरकार बरामद कर लिया है।

प्रेमी संग महिला फरार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : शादी के सात वर्षों बाद सोशल मीडिया पर हुए प्यार के चक्कर में अपने मासूम बच्चे को छोड़कर फरार हुई महिला को पुलिस ने आखिरकार बरामद कर लिया है। यह अजीबो-गरीब मामला मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र की रहने वाली पिंकी कुमारी से जुड़ा है, जिसकी शादी वर्ष 2019 में गायघाट थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर में हुई थी। शादी के बाद दोनों का जीवन सामान्य चल रहा था और उनका एक बेटा भी है, लेकिन इंस्टाग्राम के जरिये शुरू हुई एक प्रेम कहानी ने पूरे परिवार को बिखेर कर रख दिया।

दरअसल, महिला को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से समस्तीपुर जिले के पूसा निवासी एक युवक से प्यार हो गया। प्यार का खुमार इस कदर चढ़ा कि महिला अप्रैल 2026 में अपने मासूम बेटे और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ अचानक फरार हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने गायघाट थाने में मामला दर्ज कराया।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) और मानवीय सूचना के आधार पर गायघाट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के पूसा इलाके से महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामदगी के बाद अब महिला से गहन पूछताछ की जा रही है। घटना के कानूनी पहलुओं और महिला के पक्ष को औपचारिक रूप से दर्ज करने के लिए उसे अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहाँ धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। 164 के बयान के आधार पर ही आगे की कानूनी दिशा तय की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए हो रहे रिश्तों के उलझाव और उसके पारिवारिक दुष्परिणामों को उजागर किया है। एक ओर जहाँ पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है, वहीं दूसरी ओर अपने छोटे से बच्चे को छोड़ जाने की इस घटना की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट