Bihar News : जेल में होटल संचालक, घर पर पुलिस का धावा, मुजफ्फरपुर में अवैध हथियार के बाद अब लग्जरी गाड़ियां जब्त, पुलिस ने दर्ज किया नया मुकदमा
Bihar News : मुजफ्फरपुर में होटल संचालक विकास कुमार के घर पुलिस ने छापेमारी की. जहाँ हथियारों के बाद अब लग्जरी गाड़ियां बरामद की गयी है.........पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : दो दिन पूर्व भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजे गए होटल संचालक विकास कुमार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस ने अब विकास कुमार के खिलाफ जांच का दायरा बढ़ाते हुए उनके आवास पर छापेमारी की है, जहाँ से दो महंगी लग्जरी गाड़ियां और एक संदिग्ध बुलेट बरामद की गई है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और नई प्राथमिकी दर्ज की है।
गौरतलब है कि तुर्की थाना पुलिस ने मधौल क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो से विकास कुमार को गिरफ्तार किया था। उस वक्त उसके पास से एक पिस्टल, एक राइफल और कुल 48 जिंदा कारतूस (8 पिस्टल के और 40 राइफल के) बरामद हुए थे। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अंदेशा था कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है।
इसी कड़ी में पुलिस की टीम ने एक बार फिर विकास कुमार के घर पर दबिश दी। इस बार की छापेमारी में पुलिस ने दो आलीशान गाड़ियां और एक बुलेट को संदिग्ध पाया। कागजात की कमी और संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस को संदेह है कि इन वाहनों का संबंध किसी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से हो सकता है। अब पुलिस इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है कि क्या गिरफ्तार होटल संचालक चोरी की गाड़ियों के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट-2, अनिमेश चंद्र सेज्ञानी ने बताया कि हथियार मामले में गिरफ्तारी के बाद विकास कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, जांच के दौरान उसके घर से मिली लग्जरी गाड़ियों ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इन वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए इनके वास्तविक मालिकों और इनके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के सफेदपोश अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के संपर्कों और आय के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। यदि वाहन चोर गिरोह से कोई संबंध पाया जाता है, तो इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल, नई प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जेल में बंद विकास कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट