Bihar News : मुजफ्फरपुर में नहीं थम रहा महिला शराब तस्करों की गिरफ़्तारी का सिलसिला, मुखिया जी की बहू के बाद रूबी देवी हुई गिरफ्तार

Bihar News : मुजफ्फरपुर में मुखिया जी की बहु रानी कुमारी की शराब के साथ हुई गिरफ्तारी के बाद अब वैशाली की एक शराब तस्कर रूबी देवी की गिरफ्तारी उत्पाद विभाग के टीम के द्वारा की गई है....पढ़िए आगे

महिला तस्कर गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। मुखिया जी की बहू रानी कुमारी की शराब के साथ हुई गिरफ्तारी के बाद अब उत्पाद विभाग की टीम ने वैशाली की एक और महिला शराब तस्कर रूबी देवी को गिरफ्तार किया है। महिला वैशाली से बस में सवार होकर मुजफ्फरपुर में शराब की खेप डिलीवरी करने आ रही थी, जिसे उत्पाद विभाग ने रास्ते में ही धर दबोचा।

गुप्त सूचना पर रामदयालु में घेराबंदी

उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला तस्कर वैशाली जिले के हाजीपुर से भारी मात्रा में शराब लेकर मुजफ्फरपुर डिलीवरी देने आ रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के रामदयालु के पास हाईवे पर घेराबंदी कर दी और हाजीपुर की तरफ से आ रही 'शिवगंगा' नामक बस को रोककर सघन जांच शुरू की।

झोले और बैग से दर्जनों बोतल शराब बरामद

जांच के दौरान टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बस में सवार महिला शराब तस्कर रूबी देवी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया। जब महिला के पास रखे बैग और झोले की तलाशी ली गई, तो उसमें से दर्जनों बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। शराब मिलते ही अधिकारियों ने महिला को बस से नीचे उतारा और गिरफ्तार कर थाने ले आए।

उत्पाद इंस्पेक्टर का बयान

मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि वैशाली से मुजफ्फरपुर बस के जरिए शराब डिलीवरी की पक्की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। रामदयालु के पास बस से गिरफ्तार महिला तस्कर के पास से दर्जनों बोतलें जब्त की गई हैं। फिलहाल आरोपी महिला को हिरासत में रखकर उत्पाद विभाग की टीम गहन पूछताछ कर रही है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ के आधार पर इस बात का पता लगा रही है कि वैशाली में उसे शराब की यह खेप किसने सौंपी थी और मुजफ्फरपुर में यह किसे डिलीवर की जानी थी। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य तस्करों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मणिभूषण की रिपोर्ट