Bihar Flood News: मुजफ्फरपुर में बागमती का रौद्र रूप, जलस्तर बढ़ते ही ध्वस्त हुए पुल, दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से टूटा संपर्क,दहशत में लोग

Bihar Flood News: मुजफ्फरपुर जिले से होकर गुजरने वाली बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे बसे इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है।

बागमती का जलस्तर बढ़ते ही ध्वस्त हुए पुल- फोटो : reporter

Bihar Flood News:  मुजफ्फरपुर जिले से होकर गुजरने वाली बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे बसे इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। बागमती के उफनते पानी ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के कारण औराई एवं कटरा प्रखंड के दर्जनों गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह टूट गया है, जिससे ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

औराई प्रखंड के मधुबन प्रताप घाट पर बना चचरी पुल बागमती की तेज धारा में बहकर ध्वस्त हो गया। पुल टूटने के बाद इलाके के कई गांवों का औराई प्रखंड कार्यालय से सीधा संपर्क समाप्त हो गया है। अब ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए 20 से 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। पुल ध्वस्त होने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित रास्तों की तलाश में जुट गए।

वहीं दूसरी ओर कटरा प्रखंड में भी बागमती नदी का कहर देखने को मिला। नदी के बढ़ते जलस्तर के दबाव में कटरा का पीपा पुल भी ध्वस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है। इस पुल के टूटने से दर्जनों गांवों का कटरा प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया है। अब लोगों को प्रखंड कार्यालय पहुंचने के लिए 40 से 45 किलोमीटर तक का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलों के ध्वस्त होने से सबसे अधिक परेशानी मरीजों, छात्रों और किसानों को हो रही है। आपातकालीन स्थिति में लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

बागमती नदी के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल नदी का बढ़ता जलस्तर लोगों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है और पूरे इलाके में भय और अनिश्चितता का माहौल कायम है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा