Bihar Police: ठेगें पर DGP का आदेश,वर्दी में तलवारबाज दरोगा, मोहर्रम जुलूस में जिसे संभालनी थी कानून-व्यवस्था,वही लहराने लगा तलवार, अब डीएसपी ने दिए जांच के आदेश
Bihar Police: मोहर्रम के मातमी जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर का कथित तौर पर वर्दी में तलवार लहराते और तलवारबाज़ी करते हुए वीडियो सामने आया है....
Bihar Police: मोहर्रम के मातमी जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर का कथित तौर पर वर्दी में तलवार लहराते और तलवारबाज़ी करते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो ने आम लोगों के बीच बहस छेड़ दी है कि जिन अधिकारियों के कंधों पर अमन-चैन और कानून व्यवस्था कायम रखने की जिम्मेदारी होती है, अगर वही इस तरह के प्रदर्शन में नजर आएं तो क्या संदेश जाएगा?डीजीपी साहब ने सोशल मीडिया को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं। पुलिसकर्मियों को वर्दी में रहते हुए किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधि में शामिल होने से बचने के लिए कहा गया है। डीजीपी साहब ने पुलिस मुख्यालय ने सभी इकाइयों के प्रमुखों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का आह्वान किया गया है।लेकिन शायद कांटी थाने में पदस्थापित दारोगा जी को ये नियम शायद पता नहीं है
जानकारी के मुताबिक, मोहर्रम के मौके पर जिले के विभिन्न इलाकों में मातमी जुलूस निकाले गए थे। संवेदनशील पर्व को देखते हुए पूरे जिले में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर था। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थानों की पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए और किसी भी तरह की अप्रिय घटना पर पैनी नजर रखी जाए।
इसी दौरान वायरल हो रहे वीडियो में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर वर्दी पहने हुए कथित रूप से तलवारबाज़ी करते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि उक्त अधिकारी वर्तमान में कांटी थाना में तैनात हैं। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। चर्चा इस बात की हो रही है कि क्या ड्यूटी के दौरान किसी पुलिस अधिकारी के लिए इस तरह का आचरण सेवा नियमों और पुलिस आचार संहिता के अनुरूप है? वहीं कुछ लोग निष्पक्ष जांच की मांग भी कर रहे हैं ताकि वायरल वीडियो की वास्तविक परिस्थितियों और तथ्यों का पता लगाया जा सके।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएसपी (पश्चिम) सुचित्रा कुमारी ने कहा कि वायरल वीडियो प्रशासन के संज्ञान में आ गया है। प्रथम दृष्टया वीडियो में दिखाई देने वाले पुलिस अधिकारी की पहचान कांटी थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर के रूप में हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि-सम्मत और विभागीय नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग अनुशासन और जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य करता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वीडियो के आधार पर किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि जांच में वायरल वीडियो की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि इस मामले में क्या निष्कर्ष निकलता है और क्या कदम उठाए जाते हैं।
रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा