Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बिस्कुट एजेंसी संचालक से 1.33 लाख की लूट, बाइक सवार 4 अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में एक बार फिर दिनदहाड़े दो बाइक पर सवार चार अपराधियों के द्वारा हथियार के बल पर एक बिस्कुट एजेंसी संचालक से लूट की वारदात को अंजाम दिया है.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जिले के मुजफ्फरपुर-महुआ मार्ग पर मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीइंडा गांछी के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बिस्कुट एजेंसी संचालक को घेरकर 1 लाख 33 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित कारोबारी की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता निवासी भूषण झा के रूप में हुई है। वह विभिन्न दुकानों से बिस्कुट का साप्ताहिक बकाया कलेक्शन करने के बाद महंत मनियारी से काजीइंडा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि काजीइंडा गांछी के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश अपराधियों ने भूषण झा को रोक लिया। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया और कलेक्शन के पैसों से भरा झोला छीन लिया। लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट टू अनिमेश चंद्रा ज्ञानी ने बताया कि बिस्कुट डिस्ट्रीब्यूटर से 1 लाख 33 हजार रुपये की लूट की सूचना मिली है। पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट