मुजफ्फरपुर के सरैया-मोतीपुर मार्ग पर दिनदहाड़े लूट, हथियार के बल पर होमगार्ड जवान की भाभी से गहने और नगदी छीने
मुजफ्फरपुर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर होमगार्ड जवान को निशाना बनाते हुए उनकी भाभी से गहने और नगद लूट लिए.....
Muzaffarpur : जिले के सरैया-मोतीपुर मार्ग (एसएच-86) पर सोमवार की दोपहर बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर वारदात को अंजाम दिया। जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिसरपट्टी के पास एक ही बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने राह चलती बाइक को रोककर महिला से सोने के आभूषण और पैसों से भरा बैग लूट लिया। मुख्य सड़क पर हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
कोलवारा जाते समय बदमाशों ने किया ओवरटेक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र स्थित शम्भूपुर कुंवारी निवासी होमगार्ड जवान चंदन कुमार सोमवार को अपनी भाभी को बाइक पर बैठाकर जैतपुर थाना क्षेत्र के कोलवारा गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जैतपुर थाना क्षेत्र के बिसरपट्टी के समीप पहुँची, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर अचानक रास्ता रोक दिया।
पिस्तौल तानकर सोने के जेवर और पैसों का बैग छीना
गाड़ी रुकते ही तीनों बदमाशों ने हथियार निकालकर होमगार्ड जवान और उनकी भाभी पर तान दिए और उन्हें डराने-धमकाने लगे। अपराधियों ने हथियार के बल पर महिला से सोने की चेन, कान के टॉप्स सहित अन्य कीमती आभूषण और उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग जबरन छीन लिया। पीड़ित पक्ष द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
जैतपुर थाने में शिकायत दर्ज, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
दिनदहाड़े हुई इस लूट के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने घटना की पूरी जानकारी जैतपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान स्थापित करने के लिए एसएच-86 और आसपास की दुकानों व प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जैतपुर थाना पुलिस ने पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने दावा किया है कि तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय इनपुट के आधार पर अपराधियों को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट