Bihar News : ससुराल में रह रहे जीजा ने नाबालिग साली से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar News : मुजफ्फरपुर में एक चचेरे बहनोई के ऊपर अपने 14 वर्षीय मूक बधिर साली के दुष्कर्म का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक शादीशुदा युवक पर अपनी ही 14 वर्षीय मूक-बधिर चचेरी साली के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बहनोई को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कांटी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी चचेरा बहनोई शादी के बाद से ही अपने ससुराल में रह रहा था। आरोप है कि बीती रात उसने मौका पाकर 14 वर्षीय मूक-बधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत गांव पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की फॉरेंसिक टीम को बुलाया। FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य व नमूने एकत्र किए, ताकि अदालत में आरोपी के खिलाफ मजबूत सबूत पेश किए जा सकें। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट-2 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है और FSL टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट