Bihar News : मुजफ्फरपुर में युवती से छेड़खानी और चाकू से हमले का मामला, पुलिस दबिश के आगे झुका आरोपी, 72 घंटे में कोर्ट में किया सरेंडर

Bihar News : मुजफ्फरपुर में युवती से छेड़खानी और फिर विरोध करने पर युवती के घर पर चढ़ कर युवती के ऊपर चाकू से किए गए हमले के मामले में मुख्य आरोपी सोनू कुमार ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है......पढ़िए आगे

आरोपी ने किया सरेंडर - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में बीते मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी. दरिया छपरा पोखर के पास मॉर्निंग वॉक से वापस लौट रही 22 वर्षीय प्रीति कुमारी नामक युवती के साथ सोनू कुमार नामक युवक ने छेड़खानी की. जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसके घर पहुंचकर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.

पीड़िता ने मोतीपुर थाने में दर्ज कराई थी प्राथमिकी

घटना के तुरंत बाद पीड़िता प्रीति कुमारी ने परिजनों की मदद से मोतीपुर थाने में आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर पीड़िता का इलाज कराया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. महिला सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर वारदात के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और लोगों में आक्रोश व्याप्त था.

एसएसपी के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापेमारी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने तुरंत संज्ञान लिया. एसएसपी के सख्त निर्देश पर मोतीपुर थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की. पुलिस टीम आरोपी सोनू कुमार के संभावित ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थी, जिससे आरोपी पर कानून का शिकंजा कसता चला गया.

पुलिस दबिश के कारण 72 घंटे के भीतर कोर्ट में सरेंडर

पुलिस की बढ़ती दबिश और गिरफ्तारी के डर से घबराकर मुख्य आरोपी सोनू कुमार आखिरकार भागने में नाकाम रहा. घटना के महज 72 घंटे के भीतर उसने मुजफ्फरपुर न्यायालय में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस की निरंतर घेराबंदी के कारण आरोपी के पास सरेंडर करने के अलावा कोई अन्य रास्ता नहीं बचा था.

आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र में युवती से छेड़खानी और धारदार हथियार से हमले के नामजद आरोपी ने पुलिसिया दबाव के कारण अदालत में सरेंडर कर दिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस अब न्यायालय से आरोपी सोनू कुमार को रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है, ताकि कड़ाई से पूछताछ कर घटना में इस्तेमाल चाकू और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें.

मणिभूषण की रिपोर्ट