Bihar News: बच्चों पर अचानक गिरी सामुदायिक भवन की छत, प्लास्टर टूटने से 10 से ज्यादा लोग घायल, 5 की हालत गंभीर

Bihar News: सामुदायिक भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। ...

बच्चों पर अचानक गिरी सामुदायिक भवन की छत- फोटो : reporter

Bihar News:  मुजफ्फरपुर हथौड़ी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में बुधवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सामुदायिक भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहां एक युवती बच्चों को बैठाकर निजी तौर पर ट्यूशन पढ़ा रही थी। अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा बच्चों और वहां मौजूद लोगों के ऊपर गिर गया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे और लोग घायल हो गए।

घटना भवानीपुर स्थित सामुदायिक भवन केंद्र की बताई जा रही है। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, भवन के परिसर में एक युवती द्वारा बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। बच्चे और अन्य लोग वहां बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक छत के प्लास्टर में टूटने की आवाज हुई और देखते ही देखते प्लास्टर का हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा।

अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और मलबे की चपेट में आए बच्चों और अन्य लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल सभी लोगों को स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ सामुदायिक भवन के पास जुट गई। बच्चों के घायल होने की खबर से परिजनों में भी बेचैनी बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए भेजने में मदद की।हादसे के बाद सामुदायिक भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। 

घटना की जानकारी मिलने पर हथौड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि भवन में निर्माण या रखरखाव से संबंधित कोई लापरवाही तो नहीं हुई थी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा