भीड़ के समंदर में इंसानियत की प्रार्थना, सिटी एसपी ने कंधे पर उठाया छोटू बम, बाबा गरीबनाथ का कराया जलाभिषेक, इन तस्वीरों ने जीता दिल

Bihar Police: भीड़, धक्का-मुक्की और अफरातफरी के बीच इंसानियत की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।

सिटी एसपी ने कंधे पर उठाया छोटू बम- फोटो : reporter

Bihar Police: सावन की तीसरी सोमवारी पर मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चारों तरफ हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। रविवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भीड़ इतनी बेकाबू थी कि उसे संभालने में पुलिस और प्रशासन के जवानों के पसीने छूट गए। मगर इसी भीड़, धक्का-मुक्की और अफरातफरी के बीच इंसानियत की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।

यह तस्वीर थी मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की, जिन्होंने वर्दी की सख्ती से आगे बढ़कर इंसानियत का ऐसा चेहरा दिखाया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखों में सम्मान उतर आया।

भीड़ में फंसा था मासूम, बाबा के दर्शन की थी हसरत

दरअसल, जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा हुआ था। हर कोई बाबा गरीबनाथ पर गंगाजल चढ़ाकर अपनी मन्नत और मनोकामना पूरी करने की आस में आगे बढ़ रहा था। इसी भीड़ में एक मासूम बच्चा भी था, जिसे लोग प्यार से ‘छोटू बम’ कह रहे थे।

मगर भीड़ इतनी ज्यादा थी कि वह मासूम बाबा पर जल चढ़ाने के लिए आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उसकी आंखों में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक की तमन्ना थी, लेकिन भीड़ उसके रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बन गई थी।भीड़ को नियंत्रित करने में मुस्तैद सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की नजर जब उस मासूम पर पड़ी तो उन्होंने जो किया, वह महज एक पुलिस अधिकारी का फर्ज नहीं, बल्कि इंसानियत का खूबसूरत पैगाम बन गया।उन्होंने बच्चे को अपने कंधे पर उठा लिया और भीड़ के बीच उसे लेकर आगे बढ़े। इसके बाद उसी मासूम ‘छोटू बम’ से बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक कराया।

वर्दी के पीछे छिपा दिखा इंसान

सिटी एसपी के इस कदम को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु भावुक हो उठे। जिस पुलिस अधिकारी के कंधों पर हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी कंधे ने एक मासूम की आस्था का बोझ भी उठा लिया।यह लम्हा बता गया कि वर्दी सिर्फ कानून का इकबाल कायम करने के लिए नहीं होती, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी की उम्मीद का सहारा बनने के लिए भी होती है।लोगों ने सिटी एसपी की जमकर तारीफ की। किसी ने इसे मानवता की मिसाल बताया तो किसी ने कहा कि ऐसे ही छोटे-छोटे काम पुलिस और जनता के बीच की दूरी को खत्म करते हैं।

85 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे लाखों शिवभक्त

बताया गया कि सारण जिले के पहलेजा घाट से करीब सात लाख से अधिक शिवभक्त जल लेकर लगभग 85 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे। उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले इस पवित्र धाम में जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह था।भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन के आग्रह पर रविवार देर रात से ही जलाभिषेक शुरू करा दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने संभाली।सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और टाउन डीएसपी सुरेश कुमार दल-बल के साथ मोर्चे पर डटे रहे। वहीं जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक भी रात करीब 10 बजे से मंदिर पहुंचकर विधि-व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

एक तस्वीर, जिसने बदल दिया पुलिस की छवि का नजरिया

सावन की इस भीड़ में कई तस्वीरें बनीं, लेकिन सिटी एसपी के कंधे पर बैठे ‘छोटू बम’ की तस्वीर सबसे ज्यादा दिलों में उतर गई।लोगों ने कहा कि पुलिस की पहचान सिर्फ डंडे और कानून से नहीं, बल्कि संवेदना और सहारे से भी होनी चाहिए। सिटी एसपी ने जिस तरह एक मासूम की आस्था को सम्मान दिया, उसने यह संदेश दिया कि मजहब और आस्था की अपनी-अपनी राह हो सकती है, लेकिन इंसानियत की मंजिल एक ही होती है।उस रात बाबा गरीबनाथ के दरबार में सिर्फ एक मासूम ने जलाभिषेक नहीं किया बल्कि वर्दी के कंधे पर बैठी इंसानियत ने भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बना ली।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा