मुजफ्फरपुर पहुंचे सीएम सम्राट, विधायक अजीत कुमार ने कांटी में उद्योग लगाने की मांग की

मुजफ्फरपुर में सीएम सम्राट का भव्य स्वागत- फोटो : नरोत्तम कुमार

Muzaffarpur : जिले के पुलिस लाइन मैदान में रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा का आगमन हुआ। इस अवसर पर राज्य के पूर्व मंत्री सह कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई. अजीत कुमार ने सभी शीर्ष नेताओं का अंग-वस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी के साथ ससम्मान स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों के कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।


कांटी में बड़े उद्योग और रोजगार की उठी मांग

स्वागत के उपरांत विधायक अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कांटी विधानसभा क्षेत्र की प्रगति और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए इलाके में एक बड़ा उद्योग स्थापित करने की पुरजोर मांग की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और युवाओं के पलायन को रोकने के लिए औद्योगिक निवेश बेहद जरूरी है, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।


सैटेलाइट सिटी जमीन अधिग्रहण पर किसानों का भ्रम दूर करने का आग्रह

विधायक ने कांटी में प्रस्तावित 'तिरहुत सैटेलाइट सिटी' के निर्माण के लिए किए जा रहे जमीन अधिग्रहण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आग्रह किया कि इस योजना से प्रभावित होने वाले किसानों को प्रोजेक्ट के बारे में विशेष और सही जानकारी दी जाए। ई. अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि जमीन अधिग्रहण को लेकर स्थानीय किसानों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है, इसलिए पारदर्शी तरीके से उन्हें योजना की रूपरेखा समझाना बेहद आवश्यक है।


रौतनिया कचरा प्लांट को लेकर नगर विकास मंत्री को अल्टीमेटम

इसके बाद कांटी विधायक ने नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा से मड़वन स्थित रौतनिया कचरा डंपिंग प्लांट का मुद्दा उठाया। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि रौतनिया प्लांट में कचरा प्रोसेसिंग (निस्तारण) का कार्य आगामी 31 जुलाई से पूर्व हर हाल में प्रारंभ कराया जाए ताकि स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिल सके। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने मौके पर मौजूद मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी (डीएम) को इस कार्य को शीघ्र शुरू करवाने का कड़ा निर्देश दिया।


मुख्य सचिव और डीजीपी भी हुए सम्मानित

इस वीआईपी दौरे के दौरान विधायक अजीत कुमार ने सरकार के मंत्रियों के साथ-साथ प्रशासनिक अमले के शीर्ष अधिकारियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार को भी पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और जिले की कानून-व्यवस्था व विकास योजनाओं पर चर्चा की। इस मुलाकात के बाद कांटी विधानसभा क्षेत्र की विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


नरोत्तम की रिपोर्ट