1041 करोड़ की सौगात लेकर आज मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, सुरक्षा के सख्त घेरे में शहर, पुलिस छावनी बना कार्यक्रम स्थल

Bihar News:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर दौरे पर रहेंगे, जहां से वे 1041 करोड़ रुपये की 981 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे।

आज मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी- फोटो : reporter

Muzaffarpur: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर दौरे पर रहेंगे, जहां से वे 1041 करोड़ रुपये की 981 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान बहुप्रतीक्षित सिकंदरपुर लेक फ्रंट (मरीन ड्राइव) का उद्घाटन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरा शहर हाई अलर्ट पर है और कार्यक्रम स्थल को अभेद सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सबसे पहले पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे सिकंदरपुर लेक फ्रंट पहुंचकर मरीन ड्राइव का लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री एमआईटी मैदान स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल जाएंगे, जहां नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बुडको की 981 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1041 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पूरे कार्यक्रम स्थल को पुलिस किले में तब्दील कर दिया गया है। शहर के संवेदनशील इलाकों से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कई घेरों की व्यवस्था की गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जबकि प्रवेश द्वारों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 1500 पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सैकड़ों दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) को अलग-अलग स्थानों पर प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न हो। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पुलिस बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर हर बिंदु पर निगरानी रखी जा रही है।प्रशासन का दावा है कि विकास योजनाओं के इस बड़े आयोजन को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी तरह की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है। मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास और सुरक्षा दोनों दृष्टिकोण से मुजफ्फरपुर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा