Bihar News:पेट्रोल पंप पर सीएनजी टैंक फटा, ऑटो के उड़े परखच्चे, मची भगदड़

Bihar News: पेट्रोल पंप पर खड़े ऑटो में सीएनजी भरवाने के दौरान जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि चंद सेकेंड में ही ऑटो के परखच्चे हवा में उड़ गए...

CNG tank explodes at petrol pump auto blown- फोटो : reporter

Bihar News: पेट्रोल पंप पर खड़े ऑटो में सीएनजी भरवाने के दौरान जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि चंद सेकेंड में ही ऑटो के परखच्चे हवा में उड़ गए और पूरा इलाका दहशत व अफरातफरी में डूब गया।Iघटना मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना इलाके में मंगलवार की देर शाम उस वक्त खौफनाक मंजर पैदा हो गया जब बखरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़े ऑटो में  धमाका हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चालक आराम से सीएनजी भरवा रहा था। तभी अचानक टैंक में तेज प्रेशर बनने के बाद एक भयानक ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनी गई। धमाके के साथ ही आग की हल्की लपट और धुएं का गुबार उठा, जिससे आसपास खड़े लोगों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

गनीमत यह रही कि ड्राइवर ने सीएनजी भरवाने से पहले सभी सवारियों को नीचे उतार दिया था। अगर यात्री ऑटो में मौजूद रहते तो यह हादसा किसी बड़े जानी नुकसान में तब्दील हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना खतरनाक था कि पास खड़े कुछ लोग सहम गए और कई देर तक सदमे में रहे।

विस्फोट के बाद ऑटो पूरी तरह तबाह हो गया। उसके शीशे चकनाचूर हो गए और बॉडी के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। मौके पर अफरा-तफरी के बीच पेट्रोल पंप कर्मियों ने तुरंत गैस सप्लाई बंद की और हालात पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी।

प्रारंभिक अंदेशा है कि टैंक में तकनीकी खराबी या ओवरप्रेशर की वजह से यह हादसा पेश आया। फिलहाल पुलिस और तकनीकी टीम मामले की जांच में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और लोग सीएनजी वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा