BRABU में राज्यपाल के कार्यक्रम के दौरान विवाद, बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने पर आक्रोश

मुजफ्फरपुर स्थित बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय में राज्यपाल के कार्यक्रम के बीच एक विवाद खड़ा हो गया है। मामला विश्वविद्यालय परिसर में स्थित बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं करने से जुड़ा है.....

बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने पर बवाल- फोटो : मणिभूषण

Muzaffarpur : बिहार के राज्यपाल मुजफ्फरपुर स्थित बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे। अपने इस दौरे के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने विश्वविद्यालय परिसर में बने विवेकानंद पार्क, महाराजा गेट और नवनिर्मित आईटी भवन का भव्य उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण व लोकार्पण भी किया।


बाबा साहब की प्रतिमा उपेक्षितमाल्यार्पण न होने पर उठे सवाल 

कार्यक्रम के भव्य आयोजन के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जिस बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के नाम पर इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय का नामकरण हुआ है, परिसर में उनकी ही आदमकद प्रतिमा को दरकिनार कर दिया गया। राज्यपाल, कुलपति (VC) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति के बावजूद बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण तक नहीं कराया गया, जिसको लेकर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं।


छात्रों का उग्र विरोध और वीसी पर जानबूझकर अनदेखी का आरोप 

इस घटनाक्रम के सामने आते ही विश्वविद्यालय के छात्रों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। छात्रों का स्पष्ट आरोप है कि एक तरफ जहां सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर सामान्य विद्यार्थियों को संवाद कार्यक्रम से दूर रखा गया, वहीं दूसरी ओर जिनके नाम पर संस्थान है, उनका अनादर किया गया। विद्यार्थियों ने इसे बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर का घोर अपमान बताया है।


मुख्य आयोजन स्थल से महज 50 कदम दूर थी प्रतिमा 

छात्र नेताओं ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी लापरवाही कुलपति द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई थी। मुख्य कार्यक्रम स्थल से बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा महज 50 कदम की दूरी पर स्थित थी, फिर भी वीसी और जिम्मेदार अधिकारियों ने राज्यपाल को वहां तक ले जाना आवश्यक नहीं समझा। इस रवैये को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की मंशा पर तीखा हमला बोला है।


विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ा तनावकार्रवाई की उठी मांग 

बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित न किए जाने को लेकर परिसर में विरोध-प्रदर्शन की स्थिति बन गई है। छात्र संगठनों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन का यह रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और इससे संविधान निर्माता के प्रति अनादर झलकता है। फिलहाल इस मामले को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और छात्र दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मणिभूषण की रिपोर्ट