दूध गर्म करते ही सिलेंडर ब्लास्ट, चार आशियाने खाक, लाखों की संपत्ति राख
Bihar News: बच्चे के लिए दूध गर्म करने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर से उठी चिंगारी ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते चार घर जलकर खाक हो गए।...
Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के महंत मनियारी विशुनपुर टोला (वार्ड संख्या-09) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। बच्चे के लिए दूध गर्म करने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर से उठी चिंगारी ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते चार घर जलकर खाक हो गए। आग की लपटों के बीच हुए जोरदार सिलेंडर ब्लास्ट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस भीषण अग्निकांड में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई, जबकि घर में बंधी दो बकरियों की भी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एक महिला अपने मासूम बच्चे के लिए दूध गर्म कर रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर या पाइप से रिसाव होने पर अचानक आग भड़क उठी। महिला ने फुर्ती दिखाते हुए किसी तरह खुद और बच्चे को बाहर निकाल लिया, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने विकराल शक्ल अख्तियार कर ली। इससे पहले कि लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते, गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आग ने आसपास के मकानों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया।
इस अग्निकांड में मोहम्मद नियाज, मोहम्मद सिराज समेत चार परिवारों के आशियाने पूरी तरह तबाह हो गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े, जेवरात, नकदी और रोजमर्रा का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ तबाह हो चुका था।
मनियारी थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने घटना की तस्दीक करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अंचल अधिकारी को सूचना भेज दी गई है। राजस्व कर्मियों द्वारा नुकसान का आकलन करने के बाद पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा