Muzaffarpur BDO Wife Death: BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत,अस्पताल में शव छोड़ भागे ससुराल वाले

मुजफ्फरपुर में दरभंगा के जाले BDO मनोज कुमार की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था

मुजफ्फरपुर में दरभंगा के BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हौली बेला में शुक्रवार की देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) मनोज कुमार की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतिका के मायके वालों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने सीधे तौर पर बीडीओ पति और उनके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।


अवैध संबंध का विरोध करने पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

अमृता के परिजनों का आरोप है कि साल 2022 में बड़ी धूमधाम के साथ उसकी शादी बीडीओ मनोज कुमार से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही अमृता को पता चला कि उसके पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध हैं। जब अमृता ने इस बात का विरोध किया, तो पति मनोज कुमार, सास और ननद ने मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिजनों के अनुसार, पिछले काफी समय से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा था।


विवाद के बाद जहर देकर अस्पताल में शव छोड़ भागे आरोपी

परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के अनुसार, शुक्रवार की रात घर में फिर से इसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पति, सास और ननद ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अमृता को जबरन जहर दे दिया। जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी या उसकी मौत हो गई, तो आरोपी लोकलाज और पुलिस के डर से उसके शव को मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच में जुटी

अस्पताल से मिली सूचना के बाद मिठनपुरा थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतिका अमृता कुमारी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। मिठनपुरा थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी व घटना की तह तक जाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट - मणिभूषण