Bihar News : रील वायरल करने का झांसा देकर दिल्ली की महिला इन्फ्लुएंसर से दुष्कर्म, SSB के ASI और साथी पर दर्ज हुई एफआईआर

Bihar News : दिल्ली की एक महिला इनफ्लुएंसर ने SSB के एक ASI पर रिल बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर मुजफ्फरपुर में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है.....पढ़िए आगे

महिला से दुष्कर्म - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और रील वायरल करने का झांसा देकर दिल्ली की एक महिला इन्फ्लुएंसर को मुजफ्फरपुर बुलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने सशस्त्र सीमा बल के एक एएसआई (कम्युनिकेशन) और उसके साथी पर यह गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।

होटल में ठहराकर किया दुष्कर्म, बच्चे को मारने की दी धमकी

पीड़िता के अनुसार, आरोपी एएसआई ने फॉलोअर्स बढ़ाने का प्रलोभन देकर उसे 7 सितंबर 2025 को मुजफ्फरपुर बुलाया था। महिला अपने दो वर्षीय मासूम बच्चे के साथ पहुंची, जहां उसे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ठहराया गया। आरोप है कि होटल में एएसआई के साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। विरोध करने पर आरोपी ने बच्चे की हत्या करने की धमकी देकर उसे खामोश कर दिया। घटना के अगले दिन डरी-सहमी पीड़िता दिल्ली लौट गई।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले ₹20,000

दिल्ली पहुंचने के बाद भी आरोपियों की ब्लैकमेलिंग जारी रही। अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर पीड़िता से ₹20,000 ऐंठ लिए गए। परेशान होकर महिला ने पूरी आपबीती अपने पति को बताई। इसके बाद SSB मुख्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि जब महिला गवाही देने मुजफ्फरपुर स्थित SSB कार्यालय पहुंची, तो वहां भी आरोपियों ने उस पर केस वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाते हुए धमकियां दीं। पीड़िता ने अब अहियापुर थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

लखनऊ की महिला ने भी लगाए अभद्रता और धमकी के आरोप

इस मामले में उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली एक अन्य महिला ने भी आरोपी एएसआई और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के समर्थन में आई महिला का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर उनके वीडियोज पर गंदे कमेंट्स करते थे और तरह-तरह से धमकियां देते थे। फिलहाल पुलिस पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

मणिभूषण की रिपोर्ट